फाजिल्का में किराना दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला: सोने की चेन और नकदी लूटी, भांजा भी घायल; पुलिस मामले की जांच में जुटी – Fazilka News
फाजिल्का के कैलाश नगर में एक दुकानदार और उसके भांजे पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने पहले दुकान पर जबरदस्ती की और बाद में साथियों के साथ मिलकर घर के बाहर हमला कर दिया। घटना में दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल दुकानदार दीपू ने बताया कि उसकी कालका मंदिर के पास किराना दुकान है। वह दुकान पर मौजूद था, तभी बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और जबरदस्ती सामान उठाने लगे। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी वहां से चले गए। दीपू के अनुसार, कुछ समय बाद वही युवक अपने अन्य साथियों के साथ वापस लौटे और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पीड़ित बोले- हमलावरों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली दीपू का आरोप है कि हमलावरों ने उसके गले से सोने की चेन और जेब में रखी करीब 5 से 7 हजार रुपये की नकदी भी छीन ली। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे फाजिल्का के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट रेफर कर दिया। इस घटना में दीपू का भांजा निशान भी घायल हुआ है। निशान ने बताया कि जब वह घर से बाहर निकला तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। उसने आरोप लगाया कि युवकों ने ईंट-पत्थर फेंककर उसे घायल कर दिया। उसे भी उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अधिकारी जसवंत सिंह ने बताया कि मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) प्राप्त होने और घायलों के बयान दर्ज किए जाने के बाद मामले की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link

