तीन दिन पहले 30 किलो हेरोइन सहित पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर दो किलो और बरामद – Amritsar News
भास्कर न्यूज | अमृतसर सिटी पुलिस ने दो मामलों में दो मामलों में पांच किलो हेरोइन बरामद कर एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों पर र्कारवाई की है। पुलिस ने तीन दिन पहले 30 किलो हेरोइन के साथ तीन नाबालिग समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब जांच के दौरान पकड़े गए आरोपियों में कबीर सिंह की निशानदेही पर दो किलो हेरोइन और एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को काबू किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अभिषेक निवासी छेर्हटा के रूप में हुई है। इसके अलावा दूसरे मामले में छेहर्टा पुलिस ने एक्सीडेंट के दौरान टू-व्हीलर सवार जख्मी हुए युवक के पास से तीन किलो हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि तीन दिन पहले छेहरटा पुलिस ने 30.045 किलो हेरोइन के साथ छह आरोपियों को पकड़ा था। इनमें कबीर नामक आरोपी भी शामिल था। पूछताछ में कबीर ने ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे किए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 2.006 किलो हेरोइन और बरामद की तथा एक नाबालिग समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में छेहरटा निवासी अभिषेक भी शामिल है। पुलिस ने रविवार को उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी कबीर सिंह दुबई में बैठे करण के संपर्क में था और वही इलाके के युवकों व नाबालिगों को पैसों का लालच देकर इस नेटवर्क में जोड़ रहा था। सीपी भुल्लर ने बताया कि आरोपी अभिषेक के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, मारपीट और लूट-स्नैचिंग के केस शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है। इसी दौरान पुलिस के हाथ दूसरी बड़ी सफलता भी लगी। शनिवार को छेहरटा इलाके में टू-व्हीलर सवार युवक का एक्सीडेंट हो गया था। मौके पर पहुंचे पुलिस मुलाजिमों ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया। जब पुलिस ने उसके वाहन की जांच की तो उसमें से 3.035 किलो हेरोइन बरामद हुई। मामले में आरोपी की पहचान वंशदीप सिंह निवासी घरिंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी अभी अस्पताल में भर्ती है, इसलिए उसकी गिरफ्तारी नहीं डाली गई। स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। सीपी भुल्लर के मुताबिक वंशदीप सिंह के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। वह एक पिस्टल बरामदगी केस में वांटेड भी चल रहा था। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच के दौरान ड्रग तस्करी नेटवर्क, हवाला कनेक्शन और सीमा पार से हो रही सप्लाई को लेकर और बड़े खुलासे हो सकते हैं। जानकारी के अनुसीर ने कबीर जमीन में दबाकर हेरोइन की खेप को छिपाया था, वंशदीप चार महीने पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था- आरोपी कबीर से पूछताछ में सामने आया कि उसने अटारी बार्डर के पास जमीन में दो किलो हेरोइन की खेप को छिपाकर रखा था। जिसके बाद पुलिस ने रेड कर उक्त हेरोइन की खेप को अपने कब्जे में लिया। इसके अलावा दूसरे मामले के आरोपी वंशदीप के बैकग्राउंड की जांच हुई तो सामने आया कि वर्ष 2025 में आरोपी वंशदीप सिंह के खिलाफ असलहा एक्ट का पर्चा दर्ज हुआ था। जिसमें वह गिरफ्तार हुआ था। चार महीने पहले वंशदीप सिंह जमानत पर बाहर आया था। जानकारी के मुताबिक पुलिस को एक पिस्तौल बरामद हुई थी, उसमें भी वंशदीप का नाम सामने आया था। जिस मामले में आरोपी वंश वाटेंड था। एक्सीडेंट के कारण वह पकड़ा गया।
Source link

