चंडीगढ़ में कैब ड्राइवरों ने लोगों को दी जानकारी: 16 जून को रहेगा चक्का जाम, लोग अपना खुद का इंतजाम करके घर से निकलें – Chandigarh News
ट्राइसिटी में 16 जून को कैब ड्राइवरों की पूरी तरह से हड़ताल रहेगी। इस दिन कोई भी कैब चालक सवारियां नहीं उठाएगा। इसके लिए कैब चालकों की तरफ से लोगों को अभी से जानकारी देनी शुरू कर दी गई है, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। आज कैब चालक मोहाली के सेक्टर-70 में एकत्रित हुए। वहां से गाड़ियों पर पोस्टर और बैनर लगाकर चंडीगढ़ के सेक्टर-17 तक पहुंचे। इस दौरान कैब चालकों ने जगह-जगह रुककर लोगों को अपनी हड़ताल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों को बताया कि 16 जून को लोग अपना खुद का इंतजाम करके ही घर से निकलें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। किराया बढ़ाने की मांग कर रहे ड्राइवर कैब चालक ऐप-आधारित कंपनियों जैसे ओला, उबर और अन्य प्लेटफॉर्म्स के साथ काम करते हैं। इनके लिए चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से पॉलिसी बनाकर न्यूनतम किराया तय किया जाता है। वर्ष 2025 में चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा बनाई गई पॉलिसी में 25 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया तय किया गया था। अब कैब ड्राइवर इसे बढ़ाकर 35 रुपये प्रति किलोमीटर करने की मांग कर रहे हैं। ईंधन के दाम बढ़ने का हवाला कैब चालकों का कहना है कि 2025 से अब तक पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम कई बार बढ़ चुके हैं। ऐसे में 25 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से काम करना घाटे का सौदा बन गया है। उनका कहना है कि इस दौरान डीजल और पेट्रोल के दाम में करीब 7 रुपये प्रति लीटर तथा सीएनजी के दाम में करीब 9 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है। इसलिए किराए में भी वृद्धि की जानी चाहिए। सीटीयू बसों का रहेगा विकल्प कैब हड़ताल के दौरान लोग सीटीयू (CTU) की बसों का इस्तेमाल कर सकते हैं। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में सीटीयू के करीब 65 से 70 रूट संचालित हैं, जिन पर हर 15 से 20 मिनट में बस उपलब्ध रहती है।
Source link

