मोगा में तस्करों के अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर: निगम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की कार्रवाई; आरोपियों पर 30 केस दर्ज – Moga News
मोगा नगर निगम ने शहर के श्री गुरु रामदास नगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। निगम ने कथित नशा तस्करों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों से संबंधित अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर चलाया। इस दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। नगर निगम ने पहले ही पुलिस सहायता का अनुरोध किया था, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। एसपीडी बाल कृष्ण सिंगला ने बताया कि कार्रवाई शांतिपूर्वक और सुचारू रूप से संपन्न हुई। इसके लिए दो डीएसपी, चार एसएचओ और लगभग 150 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे इलाके की लगातार निगरानी की गई और कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रखी गई। एसपीडी ने जानकारी दी कि जिन मकानों और निर्माणों पर कार्रवाई की गई, वे वरिंदर और सिकंदर नामक 2 भाइयों से संबंधित हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन दोनों भाइयों के खिलाफ लगभग 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, एक्साइज एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामले शामिल हैं। एक आरोपी जेल में बंद, दूसरा हत्या के मामले में फरार एसपीडी के अनुसार, सिकंदर वर्तमान में जेल में बंद है, जबकि वरिंदर एक हत्या के मामले में फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और अन्य कानूनी कार्रवाई कर रही है। नगर निगम अधिकारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि इन निर्माणों के संबंध में नियमानुसार पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। मकान मालिकों को तीन दिन का समय दिया गया था ताकि वे निर्माण की स्वीकृति, पास किए गए नक्शे या अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सकें। स्वीकृति पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाए आरोपी उन्होंने पुष्टि की कि निर्धारित अवधि के दौरान न तो कोई स्वीकृति पत्र प्रस्तुत किया गया और न ही कोई अनुमोदित नक्शा नगर निगम के समक्ष रखा गया। इसके अलावा अदालत या किसी अन्य प्राधिकरण द्वारा जारी कोई राहत आदेश भी पेश नहीं किया गया। इसी कारण नगर निगम ने नियमों के अनुसार कार्रवाई की।
Source link

