अमृतसर में किसानों का प्रदर्शन, सड़क जाम किया: पेट्रोल-डीजल के बढ़ते कीमतों के खिलाफ फूंका मोदी सरकार का पुतला, दाम घटाने की मांग की – Amritsar News
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में किसान मजदूर संगठनों ने आज अमृतसर के सीमावर्ती गांव कक्कड़ में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मोदी सरकार का पुतला भी फूंका और बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के नेता सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि पिछले 13 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगभग 8 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके कारण भारतीय रुपये का मूल्य लगातार गिर रहा है। पंधेर ने दावा किया कि पिछले 12 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया 12 से 13 रुपये कमजोर हुआ है, जिससे देश में महंगाई बढ़ रही है। पंधेर बोले- प्रति किलो केवल 72 पैसे का लाभ दिया गया पंधेर ने आरोप लगाया कि किसानों को धान पर प्रति किलो केवल 72 पैसे का लाभ दिया गया है, जबकि कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। उन्होंने कहा कि विश्वगुरु बनने की बड़ी कीमत वो लोग चुका रहे हैं। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान और मजदूर शामिल हुए। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं लीं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Source link

