दरबार-साहिब माथा टेकने गया परिवार, चोरों ने 20 लाख उड़ाए: परिवार ने 2-3 जगह छिपाए थे पैसे, चोरों ने हर जगह से ढूंढे, तकिए, गद्दे तक फाड़ दिए, गुरदासपुर के धारीवाल का मामला – Pathankot News
गुरदासपुर के कस्बा धारीवाल के गांव लेहल में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाया। बीते कल परिवार जब श्री दरबार साहिब अमृतसर माथा टेकने गया था, तब पीछे से चोरों ने घर के ताले तोड़कर करीब 20 लाख रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार जब अमृतसर से लौटा तो घर में बिखरा सामान देख कर उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई।
परिवार का कहना है कि उन्होंने ये रकम बेटियों की शादी और जमीन के ठेके के लिए खून-पसीना एक करके जोड़ी थी। वहीं, घर के बाहर लगे सीसीटीवी में एक नकाबपोश युवक रैकी करता दिखाई दिया। परिवार ने शक जताया है कि इसी युवक ने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
परिवार की शिकायत पर धारीवाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
श्री दरबार साहिब गया था परिवार
घर के मालिक जोगिंदर सिंह लेहल ने बताया कि वे 5 मई दोपहर 12 बजे अपने पूरे परिवार के साथ मन्नत पूरी होने पर श्री दरबार साहिब माथा टेकने गए थे। जब वे आज
वापस लौटे, तो घर का मुख्य बाहरी गेट तो बंद था और उस पर ताला लगा हुआ था, लेकिन जैसे ही उन्होंने अंदर प्रवेश किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
अंदर घर के कमरों के ताले टूटे थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था।
तकिए, गद्दे फाड़ कर ली तलाशी
पीड़ित ने अपनी जमापूंजी को घर में दो-तीन अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा था, लेकिन चोरों ने सभी जगहों को ढूंढ निकाला और पूरी रकम लेकर फरार हो गए।
जोगिंदर ने बताया कि चोरों ने घर के अंदर के कमरों के ताले तोड़े और अलमारियों, बेड तथा गद्दों को पूरी तरह से खंगाल डाला। चोरों ने बेहद शातिराना तरीके से घर की एक-एक चीज को खोला। यहां तक कि उन्होंने बिस्तरों के कपड़े और तकिए तक को फाड़कर नगदी की तलाश की।
बेटियों की शादी और फसल की कमाई का था पैसा
जोगिंदर ने बताया कि वे कोई बहुत बड़े जमींदार या अमीर व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि दूध का कारोबार और मेहनत-मजदूरी करते हैं। उन्होंने पिछले 5 वर्षों से 10 किले जमीन ठेके पर लेकर यह पैसा इकट्ठा किया था। इस बार उन्होंने जमीन ठेके पर नहीं ली थी, इसलिए फसल और मेहनत की यह कमाई घर पर ही रखी हुई थी। उनकी दो जवान बेटियां हैं, जिनकी शादी करने के लिए उन्होंने यह 20 लाख रुपये जोड़कर रखे थे।
सीसीटीवी में संदिग्ध कैद, पुलिस जांच पर उठे सवाल
घटना के बाद तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर दो पुलिस कर्मचारी आए, लेकिन उसके बाद से पुलिस की तरफ से कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे परिवार असंतुष्ट है। पड़ोसी अमरजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने और आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए हैं। दोपहर करीब 2 बजे के एक कैमरे की फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है, जिसने अपना मुंह लपेटा हुआ है और वह सड़क पर रेकी करता नजर आ रहा है। चोर संभवतः घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए थे।
इलाके में दहशत का माहौल
इस बड़ी चोरी के बाद पूरी मार्केट और गांव के लोगों में भारी दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि वे बहुत गरीब लोग हैं, दिन-रात गोबर-कूड़ा उठाकर और मवेशियों की सेवा करके एक-एक पैसा जोड़ा था। हमने किसी की जायदाद नहीं लूटी। हमारी प्रशासन से पुरजोर मांग है कि चोरों को जल्द से जल्द ढूंढकर हमारी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए। इलाके में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब हमें रात को ताले लगाकर घर छोड़ने में भी डर लगता है।
पुलिस ने शुरू की जांच
वहीं, धारीवाल पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सीसीटीवी में कैद संदिग्ध की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। परिवार को जल्द इंसाफ दिलवाया जाएगा।
Source link

