फाजिल्का के प्रयाग कंबोज ने जीता नेशनल गोल्ड: किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीत, इटली में इंटरनेशनल के लिए चयन – Fazilka News
फाजिल्का जिले के सीमावर्ती गांव सड़ीयां के रहने वाले होनहार खिलाड़ी प्रयाग कंबोज ने शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बाजी मारते हुए न केवल अपने इलाके का, बल्कि पूरे पंजाब का नाम देश भर में रोशन कर दिया है। प्रयाग ने उड़ीसा के भुवनेश्वर में आयोजित नेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) पर कब्जा जमाया है। भुवनेश्वर में 30 मई से 3 जून तक चली इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जब प्रयाग ट्रेन से वापस अपने गृह जिले पहुंचा, तो रेलवे स्टेशन पर खुशी का माहौल देखने लायक था। परिवार के सदस्य, सगे-संबंधी और उनके निजी स्कूल का स्टाफ भारी संख्या में रेलवे स्टेशन पर स्वागत के लिए तैयार थे। ट्रेन से उतरते ही प्रयाग को गले लगाया गया और नोटों के हार व फूल-मालाएं पहनाकर उसका भव्य स्वागत किया गया। बचपन से था बॉक्सिंग का शौक प्रयाग कंबोज ने अपनी इस यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि वह शुरुआत से ही खेलों के प्रति बेहद उत्साहित था और बॉक्सिंग में उसकी हमेशा से विशेष रुचि रही है। वह पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार नेशनल स्तर पर खेल रहा था और इससे पहले स्कूल स्तर की प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेता रहा है। प्रयाग ने बताया कि इस बार मैंने हर हाल में गोल्ड मेडल जीतने की ठानी थी और कड़ी मेहनत के बल पर आज यह मुकाम हासिल कर लिया है। अब मेरा चयन इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जिसके लिए मैं आगामी सितंबर महीने में खेलने के लिए इटली जाऊंगा।” माता-पिता और कोच को दिया सफलता का श्रेय अपनी इस बड़ी कामयाबी का श्रेय प्रयाग ने अपने माता-पिता और अपने कोच बलराज सिंह को दिया। उसने कहा कि कोच के मार्गदर्शन और परिवार के अटूट सहयोग की बदौलत ही वह आज इस मुकाम तक पहुंचने में सफल रहा है। दूसरी ओर, बेटे की इस स्वर्णिम सफलता पर भावुक होते हुए पिता रोशन लाल ने कहा कि आज उन्हें अपने बच्चे पर बेहद गर्व है। प्रयाग ने अपनी मेहनत से पूरे पंजाब का सिर फक्र से ऊंचा कर दिया है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह इटली में भी देश के लिए मेडल जीतकर आएगा।
Source link

