अमृतसर की ड्रीम सिटी में जम्मू-पंजाब पुलिस की संयुक्त छापेमारी: AK-47, पिस्तौल और नशीले पदार्थ सहित दो गिरफ्तार, पूछताछ में खुलासों की उम्मीद – Amritsar News
अमृतसर की ड्रीम सिटी कॉलोनी में जम्मू-कश्मीर पुलिस और पंजाब पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। आज दोनों पुलिस टीमों ने एक फ्लैट में छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया। सूत्रों के अनुसार, जम्मू पुलिस को एक वांछित व्यक्ति के संबंध में अहम सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर जम्मू पुलिस की टीम अमृतसर पहुंची और अमृतसर देहाती पुलिस के साथ मिलकर ड्रीम सिटी कॉलोनी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। AK-47, पिस्तौल और 500 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद छापेमारी के दौरान फ्लैट से एक ए.के.-47 राइफल, एक पिस्तौल और करीब 500 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद होने की जानकारी सामने आई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। सूरजदीप और हरप्रीत पुलिस हिरासत में गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान सूरजदीप सिंह निवासी शेखपुरा और हरप्रीत सिंह निवासी देवीदासपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की गाड़ियों को भी अपने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी यादविंदर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जम्मू पुलिस की इनपुट पर की गई है। उन्होंने कहा कि दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद ड्रीम सिटी कॉलोनी में लोगों के बीच चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में हथियार और नशीले पदार्थों का मिलना चिंता की बात है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।
Source link

