पंजाब में 10 दिन से सेवा केंद्र बंद;: 5.67 लाख से ज्यादा आवेदन पेंडिंग; बर्थ-सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस अटके – Ludhiana News
पंजाब में आम जनता से जुड़ी सरकारी सेवाएं पूरी तरह से वेंटिलेटर पर आ गई हैं। राज्य के सभी सेवा केंद्रों के कर्मचारी पिछले 10 दिनों से अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है। डेथ-बर्थ सर्टिफिकेट से लेकर ड्राइविंग लाइसेंस का काम पूरी तरह ठप है। डिजिटल इंडिया पोर्टल की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, हड़ताल के चलते राज्य भर में 5,67,011 आवेदन पेंडिंग हैं। इसके कारण पंजाब का ओवरऑल पेंडेंसी रेट बढ़कर 6.73 प्रतिशत पर पहुंच गया है। सेवा केंद्रों से जुड़े कर्मचारियों के मुताबिक, इस समय सबसे ज्यादा पेंडेंसी बर्थ सर्टिफिकेट को ऑनलाइन करवाने और उसमें सुधार करवाने वाले आवेदनों की है। जिन लोगों के बर्थ सर्टिफिकेट ईसेवा पोर्टल पर नहीं चढ़े हैं उन्हें बर्थ सर्टिफिकेट ऑनलाइन करवाने पड़ रहे हैं। दरअसल स्कूलों में स्टूडेंट्स से अब ऑनलाइन यानि ईसेवा केंद्रों से जारी बर्थ सर्टिफिकेट ही लिए जा रहे हैं। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने ऑनलाइन बर्थ सर्टिफिकेट के बिना स्टूडेंट्स का रजिस्ट्रेशन करना बंद कर दिया है। जिसकी वजह से पिछले दिनों में सेवा केंद्रों में लाखों बच्चों के बर्थ सर्टिफिकेट ऑनलाइन करने के आवेदन जमा हुए हैं। मुक्तसर में सबसे ज्यादा आवेदन पेंडिंग डिजिटल इंडिया पोर्टल के इन आंकड़ों से साफ है कि पंजाब में प्रशासनिक कामकाज की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। जिलावार परफॉर्मेंस को देखें तो पूरे राज्य में सबसे हाईएस्ट पेंडेंसी रेट श्री मुक्तसर साहिब 14.93 प्रतिशत है। इसके ठीक बाद फरीदकोट 13.58% और मोगा में 9.22% पेंडेंसी रेट है। ये तीनों जिले रेड जोन में हैं। वहीं दूसरी तरफ, संख्या के मामले में सबसे ज्यादा पेंडिंग एप्लीकेशन 65,373 आवेदन भी श्री मुक्तसर साहिब में ही डंप पड़ी हैं, जिसके बाद जालंधर में 50,309 आवेदन और पटियाला में 48,918 आवेदन पेंडिंग हैं। इस पूरे प्रशासनिक संकट के बीच एकमात्र राहत बरनाला जिले से है, जो महज 0.33% पेंडेंसी रेट और सिर्फ 451 लंबित आवेदनों के साथ पूरे पंजाब में सबसे शानदार परफॉर्मेंस दे रहा है। रेड जोन वाले जिलों पर विशेष नजर सरकारी सिस्टम ने अत्यधिक लापरवाही और पेंडेंसी के कारण श्री मुक्तसर साहिब (14.93%), फरीदकोट (13.58%), और मोगा (9.22%) को रेड जोन (लाल निशान) में डाल दिया है। यहां हजारों की संख्या में लोगों के आवेदन अटके हुए हैं। वहीं दूसरी ओर, बरनाला जिला महज 0.33% पेंडेंसी के साथ पूरे पंजाब में सबसे शानदार प्रदर्शन कर रहा है। सेवा केंद्रों में आम जनता से जुड़ी 430 से अधिक सेवाएं पंजाब के सेवा केंद्र राज्य सरकार और जनता के बीच की सबसे मुख्य कड़ी हैं, जहां लगभग 430 से अधिक नागरिक-केंद्रित ई-गवर्नेंस सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलती हैं। पहचान पत्रों में सुधार,जन्म, मृत्यु, विवाह, जाति, निवास और आय) प्रमाण पत्र जारी करना, ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, वाहनों का पंजीकरण और अन्य संबंधित दस्तावेजों के अलावा सामाजिक वेलफेयर स्कीमों में मिलने वाली पेंशन के आवेदन भी सेवा केंद्र में ही जमा होते हैं।
Source link

