गौशाला में छिपा बैठा था 25 हजार का इनामी तस्कर: ANTF ने दबोचा, घर से मिले पुराने ट्रेन टिकट ने खोला राज, जमीनों की ठगी से शुरू हुआ अपराध का सफर – Jaipur News
राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने 25 हजार रुपये के इनामी और एक साल से फरार चल रहे तस्कर को पंजाब के फिरोजपुर जिले से गिरफ्तार किया है। लगातार पांचवें दिन की गई इस कार्रवाई में एएनटीएफ ने एक ऐसे आरोपी को दबोचा, जो पुलिस से बचने क
.
आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि ऑपरेशन ‘मदशिवन’ के अंतर्गत श्रीगंगानगर पुलिस ने घोषित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी सुनील कुमार को पंजाब के फिरोजपुर स्थित एक गौशाला से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल था और करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था।
घर से मिला ट्रेन टिकट बना अहम सुराग
एडीजी दिनेश एम.एन. ने बताया कि एएनटीएफ टीम जब आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंची तो वह नहीं मिला, लेकिन तलाशी के दौरान फिरोजपुर का एक पुराना ट्रेन टिकट बरामद हुआ। जांच में पता चला कि आरोपी का फिरोजपुर में कोई रिश्तेदार भी नहीं है। इससे टीम को संदेह हुआ कि वह वहीं कहीं छिपा हुआ है।
इसके बाद टीम फिरोजपुर पहुंची और स्थानीय लोगों को आरोपी की तस्वीर दिखाकर पूछताछ शुरू की। जांच में पता चला कि एक गौशाला में पिछले करीब एक साल से एक युवक गायों की सेवा कर रहा है, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध हैं।
आधे घंटे की घेराबंदी के बाद गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही एएनटीएफ टीम गौशाला पहुंची और वहां घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और पास के स्कूल की दीवार फांदकर छिपने का प्रयास किया। हालांकि टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। करीब आधे घंटे तक चले इस पीछा और घेराबंदी अभियान के बाद आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
जमीनों की ठगी से शुरू हुआ अपराध का सफर
जांच में सामने आया कि सुनील ने वर्ष 2020 में लोगों को जमीन दिलाने का काम शुरू किया था। लालच में आकर उसने फर्जी तरीके से जमीनों की रजिस्ट्री कराना शुरू कर दिया। बाद में नशे की लत और कर्ज के कारण चोरी और धोखाधड़ी की वारदातों में शामिल हो गया। उसके खिलाफ श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
नशे के कारोबार में भी रहा असफल
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अधिक कमाई के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी शुरू की, लेकिन शुरुआत में ही उसकी खेप पुलिस के हत्थे चढ़ गई। इसके बावजूद वह नशे के कारोबार से जुड़ा रहा और बाद में फरार हो गया।

