बैंक से 1.23 करोड़ का लोन लेकर नहीं लौटाए पैसे, कारोबारी पर केस – Ludhiana News
भास्कर न्यूज |लुधियाना स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक कपड़ा व्यापारी ने अपनी फर्म के नाम पर बैंक से 1 करोड़ 23 लाख रुपए का लोन लिया, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी बैंक को पैसे वापस नहीं किए। बैंक मैनेजर की शिकायत और लंबी जांच के बाद थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस ने आरोपी कारोबारी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला एसबीआई बैंक (फोकल प्वाइंट शाखा) के सत्यापित बैंक मैनेजर की शिकायत पर दर्ज किया गया है। बैंक प्रबंधन ने पुलिस को दी अर्जी में बताया था कि आरोपी ने लोन की राशि का भुगतान न करके बैंक के साथ सीधे तौर पर धोखाधड़ी की है। बैंक की आंतरिक जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 जून को पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान विनय जिंदल के रूप में हुई है, जो लुधियाना के पक्खोवाल रोड पर स्थित सेंट्रा ग्रीन फ्लैट का रहने वाला है। विनय जिंदल की एसी मार्केट में वीके क्रिएशन नाम से फर्म है। उसने इसी फर्म के बिजनेस विस्तार के लिए बैंक से 1,23,00,000 का लोन पास करवाया था। बैंक के मुताबिक, यह लोन घोटाला 23 मार्च 2022 से 30 अप्रैल 2025 के बीच का है। लोन लेने के बाद आरोपी ने बैंक की शर्तों के अनुसार निर्धारित समय के भीतर किश्तें और मूल रकम वापस नहीं लौटाई। बैंक ने जब आरोपी को लोन चुकाने के लिए बार-बार नोटिस भेजे, तो वह टालमटोल करता रहा।
Source link

