अमृतसर में बुजुर्ग से मारपीट मामले में पुलिस की कार्रवाई: वायरल वीडियो के बाद चार पड़ोसियों पर मुकदमा दर्ज, तलाश जारी – Amritsar News
अमृतसर के थाना डी डिवीजन क्षेत्र में बुजुर्ग के साथ मारपीट की वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना डी डिवीजन, अमृतसर के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर लवप्रीत सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति अपने घर के बाहर बने चबूतरे पर बैठे दिखाई दे रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। बुजुर्ग की पहचान कर दर्ज किए गए बयान इंस्पेक्टर लवप्रीत सिंह ने बताया कि वीडियो की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत इसकी जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे बुजुर्ग व्यक्ति की पहचान सुभाष कुमार के रूप में हुई। इसके बाद उन्हें थाना बुलाकर उनके बयान दर्ज किए गए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई। पुलिस जांच में सामने आया कि सुभाष कुमार के पड़ोस में रहने वाले चार व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह मामला आपसी निजी रंजिश से जुड़ा हुआ है और दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया। इंस्पेक्टर लवप्रीत सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की पुष्टि कर ली गई है। इसके बाद आरोपित चारों व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कानून हाथ में लेने वालों को नहीं मिलेगी राहत उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link

