रवनीत बिट्टू का पंजाब सरकार पर हमला: संगरूर में बोले- भाजपा उम्मीदवारों पर दबाव बनाया जा रहा, पुलिस ने धूरी जाने से रोका – Barnala News
पंजाब में नगर कौंसिल और नगर निगम के लिए जारी मतदान के बीच केंद्रीय राज्य रेल मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने संगरूर के स्थानीय विश्राम गृह में राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि धूरी क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया के दौरान विपक्षी कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों पर दबाव बनाया जा रहा है, जिससे निष्पक्ष चुनावी माहौल प्रभावित हो रहा है। बिट्टू ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता ओंकार सिंह के संबंध में पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ओंकार सिंह के परिजनों और पार्टी नेताओं को पुलिस द्वारा कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने धूरी नगर काउंसिल के वार्ड नंबर-9 से भाजपा उम्मीदवार प्रिया के पति बब्लू को कथित तौर पर धमकियां मिलने का भी जिक्र किया। मंत्री बोले- पुलिस ने बेनड़ा क्षेत्र के पास उनका काफिला रोका केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जब वे इन मामलों की जानकारी लेने के लिए धूरी जाने का प्रयास कर रहे थे, तो पुलिस ने बेनड़ा क्षेत्र के पास उनका काफिला रोक दिया। अधिकारियों ने चुनाव आचार संहिता का हवाला देते हुए उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद उन्हें संगरूर लौटना पड़ा। बिट्टू ने प्रशासन से निष्पक्षता बनाए रखने और सभी राजनीतिक दलों को समान अवसर प्रदान करने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े उम्मीदवारों और समर्थकों पर चुनावों में विभिन्न प्रकार का दबाव बनाया जा रहा है। उनके अनुसार, कुछ उम्मीदवारों को चुनाव मैदान से हटने के लिए प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, और प्रशासनिक व पुलिस तंत्र अपेक्षित निष्पक्षता नहीं दिखा रहा है। रवनीत बोले- मतदाताओं में सरकार के प्रति अंसतोष रवनीत बिट्टू ने प्रदेश सरकार से जनता के मुद्दों पर जवाब देने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित करने का आग्रह किया। उन्होंने दावा किया कि धूरी क्षेत्र में मतदाताओं के बीच सरकार के प्रति असंतोष है, जिसके कारण विपक्षी दलों को परेशान करने की शिकायतें सामने आ रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात पाया गया तो भाजपा इस मामले को संबंधित न्यायिक मंचों और चुनाव आयोग के समक्ष उठाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सबसे महत्वपूर्ण हैं तथा उनकी पार्टी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संवैधानिक कदम उठाएगी। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से चुनाव संबंधी सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने और सभी राजनीतिक दलों के लिए समान माहौल सुनिश्चित करने की मांग भी की।
Source link

