सतलुज किनारे धुस्सी बांध तक 37.93 किमी लंबा लिंक रोड बनेगा – Jalandhar News
.
सतलुज नदी के किनारे बसे गांवों को बाढ़ के प्रकोप से बचाने और शाहकोट-लोहियां क्षेत्र की मुख्य कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए पंजाब सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शाहकोट हलके में 61.82 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 37.93 किलोमीटर लंबे नए लिंक रोड प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया।
यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट न केवल धुस्सी बांध को मजबूती देकर बाढ़ रोधी बुनियादी ढांचे का काम करेगा, बल्कि क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए एक वैकल्पिक बाईपास बनकर यातायात को भी सुगम बनाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ राज्यसभा सदस्य संत बाबा बलवीर सिंह सीचेवाल और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
प्रोजेक्ट की लागत व लंबाई : शाहकोट-मोगा-रामपुर रोड से गिद्दरपिंडी धुस्सी बांध तक बनने वाले इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 61.82 करोड़ रुपये है और इसकी लंबाई 37.93 किलोमीटर होगी। बाढ़ से सुरक्षा : इस मार्ग को धुस्सी बांध के साथ जोड़ा जा रहा है, जिससे मानसून के दौरान बाढ़ नियंत्रण के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और प्रभावित गांवों का संपर्क नहीं टूटेगा।
हजारों ग्रामीणों को लाभ : इस नई सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लगभग 15 गांवों के 15 से 16 हजार निवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। ट्रैफिक जाम से मुक्ति (वैकल्पिक बाईपास) : यह नया मार्ग शाहकोट-मोगा सड़क को सीधे लोहियां-मक्खू मार्ग से जोड़ेगा। इससे यह एक बाईपास की तरह काम करेगा, जिससे दोनों मुख्य रूटों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।

