कोटकपूरा पुलिस ने नशा तस्कर को दबोचा: 101 ग्राम हेरोइन, देसी पिस्टल और 2 कारतूस बरामद, रिमांड पर होगी पूछताछ – Faridkot News
फरीदकोट में जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने 101 ग्राम हेरोइन, .32 बोर का देसी पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोगा के थाना धर्मकोट के गांव नूरपुर हकीमां निवासी जसपाल सिंह उर्फ पालू के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना सिटी कोटकपूरा में एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, एसएसपी फरीदकोट गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ के एएसआई हाकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी कोटकपूरा में अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे से सटे देवीवाला रोड के पास पहुंची, जहां एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उक्त युवक भागने की कोशिश करने लगा, जिस पर शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 101 ग्राम हेरोइन, .32 बोर का देसी पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए। रिमांड पर लेकर बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच होगी-डीएसपी इस मामले में डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। अब आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा तथा बरामद हेरोइन और हथियार के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की जाएगी।
Source link

