संगरूर में चार साल से महिला कमरे में बंद: पति रोज करता मारपीट, बच्चा होने पर भी भरपेट खाना नहीं, रोशनदान से मांगी मदद – Barnala News
संगरूर शहर की बग्गूआना बस्ती से घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी पति ने अपनी पत्नी को पिछले चार साल से कथित तौर पर घर में कैद करके रखा हुआ था। हद तो तब हो गई जब उसने अपनी पत्नी के साथ-साथ अपने दो महीने के मासूम बच्चे को भी घर में बंद कर दिया। इस अमानवीय कैद से तंग आकर जब महिला ने सूझबूझ दिखाई और घर के रोशनदान से चिल्लाकर लोगों से मदद मांगी, तब जाकर इस खौफनाक सच का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। रोशनदान से मांगी मदद, मोहल्ले वालों ने बुलाई पुलिस यह पूरी घटना बग्गूआना बस्ती की है। पीड़िता पिछले दो महीने से अपने नवजात बच्चे के साथ घर के भीतर बंद थी। जब जुल्म बर्दाश्त से बाहर हो गया, तो महिला ने घर के रोशनदान के पास जाकर शोर मचाया और पड़ोसियों को आवाज दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सिटी-1 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घर का ताला तोड़ा और बंद कमरे से बेबस महिला व उसके दो माह के बच्चे को सकुशल बाहर निकाला।
नशेड़ी पति करता था मारपीट, नहीं देता था खाना कमरे से आजाद होने के बाद पीड़िता ने अपने पति जॉनी की जो करतूतें बताईं, वह झकझोर देने वाली हैं। नशे के आदी पति की प्रताड़ना सह रही पत्नी को खाना भी नहीं मिलता था। महिला ने बताया आरोपी लूटपाट जैसी कई आपराधिक वारदातों में भी संलिप्त है। कुछ दिन पहले ही वह जेल छूट कर आया और फिर उसने मारपीट शुरू कर दी। इन तीन पॉइंट से जानिए महिला ने क्या सहा नशे का आदी है पति: महिला ने बताया कि उसका पति जॉनी कई तरह के खतरनाक नशे करने का आदी है। नशे के पैसों के लिए वह अक्सर महिला के साथ मारपीट करता था। भूखा रखने का आरोप: पीड़िता के अनुसार, उसे और उसके दो महीने के बच्चे को पर्याप्त भोजन तक नहीं दिया जाता था, जिससे उनका जीना दूभर हो गया था। अपराधी पति जेल भी जा चुका है: आरोपी पतिचोरी और लूटपाट जैसी वारदातों में भी शामिल रहता है। उसपर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह करीब 10 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। पार्षद बोले- 4 साल से चल रहा था विवाद वार्ड पार्षद हरप्रीत सिंह सेखों ने इस मामले पर बताया कि जैसे ही उन्हें मोहल्ले के लोगों से इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने बिना देर किए पुलिस से संपर्क किया। पार्षद ने यह भी खुलासा किया कि इस परिवार में पिछले करीब 4 साल से विवाद चल रहा था। इस दौरान कई बार दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास भी किया गया, लेकिन आरोपी की हरकतों में कोई सुधार नहीं आया। आरोपी पति गिरफ्तार, पीड़िता को भेजा गया मायके थाना सिटी-1 के एसएचओ सुखदेव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला और बच्चे को रेस्क्यू किया। महिला ने पुलिस के सामने साफ कह दिया है कि वह अब ऐसे पति के साथ नहीं रहना चाहती और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहती है। महिला की इच्छा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उसे उसके मायके भेज दिया है। वहीं, आरोपी पति जॉनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
Source link

