अबोहर नहर में मिले युवक के शव की पहचान: 9 दिन पहले लापता सुखराज सिंह निकला, मानसिक परेशानी से था जूझ रहा था – Abohar News
अबोहर के हनुमानगढ़ रोड स्थित मलूकपुरा माइनर नहर से मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान गांव बहादुरखेड़ा निवासी 25 वर्षीय सुखराज सिंह पुत्र बलविंदर सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग 9 दिनों से लापता था। परिजनों ने बताया कि सुखराज सिंह मेहनत-मजदूरी करता था और एक बच्ची का पिता था। वह पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज भी चल रहा था। इसी परेशानी के चलते करीब 9 दिन पहले वह गांव केराखेड़ा की नहर में कूद गया था। मृतक की बाइक नहर के किनारे मिली उसकी बाइक और चप्पलें नहर किनारे मिली थीं, जिसके बाद से परिजन उसे लगातार ढूंढ रहे थे। कल अबोहर के हनुमानगढ़ रोड नहर से युवक का शव मिलने की सूचना मिली। आज सोमवार को मृतक की पत्नी और अन्य परिजन अबोहर अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे और शव की पहचान सुखराज सिंह के रूप में की। थाना नंबर दो के एएसआई विनोद कुमार ने मृतक की पत्नी के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर दोपहर बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source link

