60 किलो डोडापोस्त के साथ पकड़े पंजाब के 2 तस्कर: राजस्थान के नागौर-जोधपुर रोड से बोलेरो में लाए; फतेहाबाद CIA ने पकड़ा – Fatehabad (Haryana) News
फतेहाबाद पुलिस की सीआईए टीम ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने राजस्थान सीमा से सटे भट्टूकलां-चौपटा रोड पर नाकेबंदी के दौरान सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप गाड़ी से 60 किलोग्राम 365 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर पंजाब के दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान से डोडापोस्त लेकर पंजाब जा रहे थे। आरोपियों की पहचान पंजाब के बठिंडा जिले के सुक्खा सिंहवाला गांव निवासी बूटा सिंह और बरनाला जिले के पक्खो कलां गांव निवासी जसविंदर के रूप में हुई है। भट्टू में हनुमान मंदिर के पास नाका लगाकर पकड़ा जानकारी देते हुए सीआईए प्रभारी वेदपाल ने बताया कि पुलिस टीम रेलवे स्टेशन भट्टू कलां के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि उक्त दोनों आरोपी बोलेरो पिकअप गाड़ी में राजस्थान के नागौर-जोधपुर रोड से भारी मात्रा में डोडा पोस्त भरकर गुप्त रास्तों से होते हुए पंजाब ले जा रहे हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत भट्टू कलां से नाथूसरी चौपटा रोड पर हनुमान मंदिर के पास मजबूत नाकेबंदी कर गाड़ी को रूकवा कर दोनों को काबू कर लिया। नियमानुसार गाड़ी की तलाशी लेने पर तिरपाल व पराली के नीचे छिपाकर रखे गए तीन प्लास्टिक के कट्टे से कुल 60 किलो 365 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज आरोपियों के खिलाफ भट्टू कलां थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15सी-61-85 के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
Source link

