प्रिंसिपल की हत्या केस में पुलिस के हाथ खाली: 1 हफ्ते में नहीं मिल पाया पुलिस को कोई सुराग,गले में मारा था हत्यारे ने चाकू – Ludhiana News
लुधियाना में प्रिंसिपल इकबाल की हत्या को एक सप्ताह का समय हो गया है। इस केस में अभी तक पुलिस हत्यारे का खुलासा नहीं कर पाई। हत्या किसने की है इस पर यदि सवाल थाना पुलिस से किया जाता है तो एक ही जवाब उनसे मिलता है कि अभी कुछ नहीं पता बस जांच कर रहे है। शहर में पुलिस की टेक्निकल टीमें होने के बावजूद आज एक सप्ताह बाद भी पुलिस हत्याकांड को सुलझा नहीं पाई। अधिकारियों का कहना है कि हत्या करने वाला कोई काफी करीबी हो सकता है लेकिन अभी कोई पुख्ता सबूत नहीं मिल रहे जिस कारण जांच अभी जारी है। बता दें प्रिंसिपल इकबाल के गले में छुरा मारकर उन्हें मौत के घाट उतारा गया था। उनके पेट और छाती पर भी रगड़ों के निशान पोस्टमार्टम में सामने आए थे। पुलिस इस केस में प्रिंसिपल इकबाल, उनके बेटे व अन्यों की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। सूत्रों के मुताबिक घटना वाली रात से पहले तक का डंप पुलिस ने लिया हुआ है लेकिन अभी पुलिस के हाथ कुछ खास सुराग नहीं लगे। कुछ नंबरों की लोकेशन्स भी पुलिस खंगाल रही है। मृतक का बेटा युवी अभी गुमसुम पुलिस के पास 4 से 5 मोबाइल नंबरों की सूची है जिनकी जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में इस हत्याकांड में किसी जानकार की भूमिका होने का भी शक पुलिस को है। मृतक इकबाल का बेटे युवी ने जो क्राइम सीन पुलिस को घटना के समय बताया था पुलिस उस पर भी जांच कर रही है। प्रिंसिपल इकबाल की जब हत्यारे ने हत्या की तो इसके बाद उनके बेटे ने उन्हें पहले किसी चादर में लपेटा था और सीढ़ियों से नीचे लेकर आया था। लेकिन इकबाल का जब खून नहीं रुक रहा था तो उसने उन्हें तिरपाल में लपेटा लेकिन तब तक उनका दम टूट चुका था जिसके बाद युवी ने इलाके में शोर मचाया और लोगों को घटना की जानकारी दी। हत्या से पहले बनाया था बंधक मृतक के बेटे ने पुलिस से कहा था कि 2 व्यक्ति घर घुसे, फिर उसे और उसके पिता को बंधक बना लिया। आरोपियों ने अर्धनग्न कर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद हमलावरों ने उसके पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस को मृतक की गर्दन और पीठ पर किसी नोकीले चीज से हमला किए जाने के निशान मिले है। मृतक इकबाल 50 वर्षीय था जो अपने घर में ही स्कूल चलाता था। घटना रविवार देर रात की है। सूचना मिलते ही थाना जमालपुर की पुलिस और सीआईए स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी थी। घटना के समय उनकी पत्नी भोपाल में वकालत का एग्जाम देने गई हुई थी। इस मामले में एसएचओ जमालपुर प्रमोद राज से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि अभी कुछ नहीं वह कह सकते। मामले की जांच की जा रही है।
Source link

