लुधियाना में ‘ऊषा’ कंपनी के नाम पर ठगी: नकली सिलाई मशीनों का काला कारोबार, बाप-बेटे पर मामला दर्ज – Ludhiana News
लुधियाना के जनता नगर इलाके में एक बेहद हैरान करने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है। मशहूर ऊषा (USHA) कंपनी का मार्का लगाकर नकली सिलाई मशीनें बनाने और मार्केट में धोखाधड़ी से सप्लाई करने के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस न
.
नई दिल्ली की लांसर नेटवर्क लिमिटेड (Lancer Network Limited) कंपनी के स्पेशल इन्वेस्टिगेशन मैनेजर, अरुण माथुर ने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्हें पिछले महीने 19 मई को अपनी टीम के सदस्य राहुल शर्मा से गुप्त सूचना मिली थी कि लुधियाना के जनता नगर की इम्पेक्स गली नंबर 23 में तेजिंदर सिंह और उसका बेटा अमृतपाल सिंह, मिलकर ऊषा कंपनी के नाम पर नकली सिलाई मशीनें तैयार कर रहे हैं। ये दोनों बाप-बेटे असली ब्रांड का ठप्पा लगाकर लोगों को बेवकूफ बना रहे थे और नकली माल लोकल मार्केट में खपा रहे थे।
पुलिस की रेड और बरामदगी:
पक्की जानकारी मिलते ही हरकत में आई थाना डिवीजन 6 की पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और बताई गई जगह पर रेड मार दी। सब-इंस्पेक्टर राजिंदर पाल के नेतृत्व में हुई इस सख्त कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 25 नकली सिलाई मशीनें (जिन पर ऊषा कंपनी का मार्का लगा था) और एक ई-रिक्शा बरामद कर लिया है (जिसका इस्तेमाल माल की सप्लाई के लिए किया जा रहा था)।
कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज:
पुलिस ने दोनों आरोपियों तेजिंदर सिंह (पुत्र निरंजन सिंह) और उसके बेटे अमृतपाल सिंह के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63-65 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह नकली माल का धंधा आखिर कब से चल रहा था, मार्केट में इनके मुख्य खरीदार कौन थे और इस गोरखधंधे के तार किन-किन शहरों तक जुड़े हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

