चंडीगढ़ चलती CNG कार में लगी आग: चालक बाल-बाल बचा, पेट्रोल पंप के सामने हुई घटना, फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू – Chandigarh News
चंडीगढ़ के मौली जागरां में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां पेट्रोल पंप के सामने चलती CNG कार में अचानक आग लग गई। आग लगते ही कार में सवार लोगों ने तुरंत वाहन रोका और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार मौली जागरां स्थित पेट्रोल पंप के सामने से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही पलों में उसमें आग भड़क उठी। चालक ने तुरंत कार रोकी और अंदर बैठे लोगों को बाहर निकाला। आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही देर में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। पेट्रोल पंप के सामने होने से बढ़ा खतरा हादसा पेट्रोल पंप के बिल्कुल सामने होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोगों को आशंका थी कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार को पेट्रोल पंप से कुछ दूरी तक धकेला गया, ताकि किसी प्रकार का खतरा न रहे। इसके साथ ही आसपास मौजूद लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर भेजा गया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए थे और आग लगी कार को देखने के लिए रुक रहे थे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। CNG सिलेंडर फटने का था खतरा फायर ब्रिगेड अफसर मुल्तानी ने बताया कि गाड़ी को ड्राइवर अशोक चला रहा था। वो प्राइवेट कंपनी की गाड़ी चलाता है और किसी काम से जा रहा था। जानकारी के अनुसार आग जिस वाहन में लगी वह CNG कार थी। ऐसे में लोगों को लगातार सिलेंडर फटने का डर बना हुआ था। इसी कारण पुलिस और अन्य लोगों ने भीड़ को वहां से हटाने का प्रयास किया और इलाके को खाली कराया। कार चालक ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों की ओर से भी मदद की गई, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। फायर ब्रिगेड ने पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि वाहन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है।
Source link

