डेमोक्रेटिक टीचर फ्रंट ने मिसाइल हमले में मारी 168 छात्राओं और 14 शिक्षकों को दी श्रद्धांजलि – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर डेमोक्रेटिक टीचर फ्रंट ने अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों के विरोध में देश भगत यादगार हॉल में राज्यस्तरीय कन्वेंशन आयोजित किया। संगठन ने दक्षिणी ईरान के शहर मीनाब के एक प्राथमिक विद्यालय पर हुए मिसाइल हमले में मारी गई करीब 168 छात्राओं और 14 शिक्षकों को श्रद्धांजलि दी। कन्वेंशन के बाद ईरानी जनता के समर्थन और युद्धविराम की मांग को लेकर प्रेस क्लब चौक तक रोष मार्च भी निकाला गया। कार्यक्रम की शुरुआत हमले में जान गंवाने वाले बच्चों और शिक्षकों की याद में दो मिनट का मौन रखकर की गई। डीटीएफ के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम देव सिंह, महासचिव महिंदर कौड़ियांवाली और अश्वनी कुमार अवस्थी ने कहा कि अमेरिका और इजरायल की नीतियों ने मध्य-पूर्व को युद्ध का मैदान बना दिया है। उन्होंने ईरानी लोगों की दृढ़ता और कठिन परिस्थितियों में भी डटे रहने की भावना की सराहना की। डीटीएफ के उपाध्यक्ष गुरप्यार सिंह कोटली ने ईरान की संस्कृति, इतिहास और वहां के लोगों के संघर्षों पर प्रकाश डाला। वहीं सेवानिवृत्त कर्मचारी नेताओं सुखदर्शन सिंह नत्त और कंवलजीत खन्ना ने कहा कि युद्ध और हथियारों की राजनीति आम जनता के हितों के खिलाफ होती है तथा इसके विरोध में व्यापक जन आंदोलन खड़ा करने की जरूरत है। डेमोक्रेटिक मुलाजिम फेडरेशन पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष जर्मनजीत सिंह ने कहा कि गाजा में हुए हमलों के दौरान भी बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों की मौत हुई थी। दुनिया भर में युद्धों का सबसे अधिक असर निर्दोष नागरिकों पर पड़ता है। कार्यक्रम के अध्यक्ष मंडल में कर्मचारी नेता हरदीप सिंह टोडरपुर, गुरदीप सिंह बासी, परमजीत कौर मान और ममता शर्मा शामिल रहे। इसके अलावा शिक्षक नेता जगपाल सिंह बंगी, हरजिंदर सिंह वडाला बांगर, रघवीर सिंह भवानीगढ़, अतिंदर पाल सिंह, शलिंदर कंबोज, संदीप सिंह गिल, पवन कुमार मुक्तसर, सुखदेव सिंह डांसीवाल, तजिंदर सिंह कपूरथला और जसविंदर सिंह औजला उपस्थित रहे।
Source link

