कैबिनेट मंत्री सौंद ने खन्ना क्लीनिकों का किया दौरा: मरीजों से की बातचीत, कांग्रेस के दावों को नकारा; AI वीडियो पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी – Khanna News

कैबिनेट मंत्री सौंद ने खन्ना क्लीनिकों का किया दौरा:  मरीजों से की बातचीत, कांग्रेस के दावों को नकारा; AI वीडियो पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी – Khanna News




खन्ना में आम आदमी क्लीनिकों को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्लीनिकों का दौरा किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत की। मंत्री ने इस पूरे दौरे का सोशल मीडिया पर सीधा प्रसारण भी किया। इस दौरान मंत्री सौंद ने खन्ना कांग्रेस के सोशल मीडिया पेज पर वायरल किए गए एक एआई-जनरेटेड वीडियो को झूठा और भ्रामक बताया। गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस ने एक वीडियो साझा कर दावा किया था कि शहर के कई आम आदमी क्लीनिक बंद पड़े हैं और लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल रही हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने इसे तथ्यों से परे बताते हुए विपक्ष पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाया था। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की ली जानकारी कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद स्वयं क्लीनिकों में पहुंचे और वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए आम आदमी क्लीनिक आम लोगों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं और लाखों मरीज इन केंद्रों से मुफ्त इलाज और जांच सुविधाओं का लाभ उठा चुके हैं। मंत्री ने क्लीनिकों के दवा स्टोर का भी निरीक्षण किया और उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आम आदमी क्लीनिकों में 100 से अधिक प्रकार की आवश्यक दवाएं मुफ्त उपलब्ध करवाई जा रही हैं। AAP की जनहितकारी नीतियों से घबराया विपक्ष मंत्री सौंद ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल आम आदमी पार्टी की जनहितकारी नीतियों और बढ़ते जनसमर्थन से घबराए हुए हैं। इसी कारण वे एआई तकनीक और संपादित वीडियो का सहारा लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस प्रकार की झूठी और भ्रामक सामग्री फैलाने का सिलसिला जारी रहा, तो आम आदमी पार्टी कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *