सुजानपुर BDPO कार्यालय के बाहर ग्राम सेवकों का धरना: स्थायी नियुक्ति को लेकर किया प्रदर्शन; 6 महीने से वेतन न मिलने से बढ़ा संकट – Pathankot News
पठानकोट के सुजानपुर स्थित बीडीपीओ कार्यालय के बाहर ग्राम रोजगार सेवकों ने लंबित मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी स्थायी नियुक्ति, पंचायती राज विभाग में विलय और बकाया वेतन जारी करने की मांग कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। मनरेगा यूनियन सुजानपुर के ब्लॉक प्रधान राजेश कुमार ने बताया कि नरेगा कर्मचारी पिछले 17 वर्षों से अस्थायी रूप से सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में सरकार बनने के समय कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया गया था, लेकिन साढ़े चार साल बीत जाने के बाद भी उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। राजेश कुमार ने आगे कहा कि यूनियन की सरकार के साथ कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। हर बार कर्मचारियों को जल्द मांगें मानने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कदम नहीं उठाया गया। मनरेगा कर्मचारियों को पंचायती राज विभाग में करें शामिल उन्होंने मांग की कि मनरेगा कर्मचारियों को पंचायती राज विभाग में शामिल कर नियमित किया जाए। एपीओ ब्लॉक सुजानपुर आशु बाला ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि उन्हें पिछले 6 महीनों से वेतन नहीं मिला है। इससे परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है और वे अपने बच्चों की स्कूल फीस भी जमा नहीं कर पा रहे हैं। नियमित सेवाओं का लाभ देने की अपील उन्होंने सरकार से कर्मचारियों का लंबित वेतन जल्द जारी करने और उन्हें नियमित सेवाओं का लाभ देने की अपील की।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे अपने संघर्ष को और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
Source link

