बरनाला में चुनावी रंजिश, पत्नी-बेटे को कार से मारी टक्कर: दोनों की हालत गंभीर, नतीजों के बाद विवाद, लोगों ने चालक को पीटा – Barnala News
बरनाला जिले के तपा मंडी क्षेत्र में नगर काउंसिल चुनावों के नतीजे आने के बाद चुनावी रंजिश ने हिंसक रूप धारण कर लिया। इस दौरान एक स्वतंत्र उम्मीदवार के समर्थक की पत्नी और बेटे पर तेज रफ्तार गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद लोगों ने वाहन चालक को बुरी तरह पीटा , जिससे वह भी घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के हर पहलू की सच्चाई सामने लाई जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जानिए पूरा मामला- गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती जानकारी के अनुसार, नगर काउंसिल चुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद इलाके में दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच कहासुनी और तनाव चल रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के एक समर्थक ने तेज रफ्तार वाहन से स्वतंत्र उम्मीदवार के समर्थक की पत्नी नाजिया बेगम और उनके बेटे सुल्तान खान को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों के अनुसार, नाजिया बेगम की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। उनका बेटा सुल्तान खान भी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। गुस्साए लोगों ने वाहन चालकर की जमकर की पिटाई घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने आरोपी वाहन चालक को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान भीड़ ने वाहन पर भी हमला बोल दिया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए और वाहन को नुकसान पहुंचा। भीड़ की मारपीट में वाहन चालक भी घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने घायल वाहन चालक को भीड़ से बचाकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
Source link

