कपूरथला मॉडर्न जेल में कर्मचारी पहुंचा रहा था नशा: अधिकारियों ने जेल वार्डर को नशे के साथ रंगे हाथों पकड़ा, 54.60 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद – Kapurthala News

कपूरथला मॉडर्न जेल में कर्मचारी पहुंचा रहा था नशा:  अधिकारियों ने जेल वार्डर को नशे के साथ रंगे हाथों पकड़ा, 54.60 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद – Kapurthala News




जेलों में नशाखोरी, अवैध गतिविधियों और कर्मचारियों की मिलीभगत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कपूरथला मॉडर्न जेल प्रशासन ने इसपर लगाम लगाने के अभियान के तहत एक कर्मचारी को ही गिरफ्तार किया है। जेल के भीतर कैदियों को नशे की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे एक जेल वार्डर (कर्मचारी) को सीआरपीएफ और जेल स्टाफ ने रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी कर्मचारी के पास से 54.60 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली के एसएचओ (SHO) लाभ सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट धीरज कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, 17 जून को जेल वार्डर सुरिंदरपाल सिंह (बेल्ट नंबर 649) अपनी रूटीन ड्यूटी के लिए जेल की मुख्य ड्योढ़ी (प्रवेश द्वार) पर पहुंचा था। जेल के भीतर सुरक्षा को पुख्ता रखने के लिए तैनात सीआरपीएफ (CRPF) और जेल प्रशासन की संयुक्त टीम ने जब शक के आधार पर वार्डर सुरिंदरपाल सिंह की गहनता से शारीरिक तलाशी ली, तो वह घबरा गया। लिफाफे से निकला 54.60 ग्राम नशीला पदार्थ तलाशी के दौरान आरोपी वार्डर के कपड़ों से एक संदिग्ध लिफाफा बरामद हुआ। जब सुरक्षा टीमों ने उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में उस लिफाफे को खोलकर जांच की, तो उसमें से प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 54.60 ग्राम पाया गया। नशीला पदार्थ बरामद होते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आरोपी सुरिंदरपाल सिंह को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, कड़ी कार्रवाई की चेतावनी जेल सुपरिंटेंडेंट श्यामल ज्योति ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जेल परिसर के भीतर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या नशे की सप्लाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह गिरफ्तारी नियमित और औचक जांच (Surprise Check) का हिस्सा थी। पुलिस ने सहायक सुपरिंटेंडेंट धीरज कुमार के बयानों पर आरोपी जेल वार्डर सुरिंदरपाल सिंह के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि वह जेल के भीतर किस कैदी या तस्कर के लिए यह नशा लेकर जा रहा था और इस काले कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन शामिल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *