फाजिल्का में बाइक सवार को घसीटता ले गया ट्रैक्टर चालक: टक्कर के बाद ट्रैक्टर के नीचे आया युवक, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती – Fazilka News
फाजिल्का की अनाज मंडी के पास एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है, जहां मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सीधे ट्रैक्टर के नीचे आ गया। गनीमत यह रही कि वह छिटककर सड़क के किनारे जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई, जबकि ट्रैक्टर उसकी मोटरसाइकिल को दूर तक घसीटता हुआ ले गया। घायल युवक को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फ्लाईओवर की ओर जा रहा था ट्रैक्टर, चौक में हुई भिड़ंत मामले की जानकारी देते हुए समाज सेवी गुरविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें अनाज मंडी के पास एक सड़क हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे तुरंत टीम सहित मौके पर पहुंचे। चश्मदीदों के अनुसार, मिट्टी से ओवरलोड एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लाल बत्ती चौक की तरफ से आ रही थी और फ्लाईओवर की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रैक्टर अनाज मंडी के पास बने चौक के नजदीक पहुंचा, तभी चानन वाली मंडी के रहने वाले एक मोटरसाइकिल सवार युवक के साथ उसकी सीधी टक्कर हो गई।
सड़क किनारे गिरा युवक, बाइक के उड़े परखच्चे हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक ट्रैक्टर के नीचे आ गया। लेकिन किस्मत अच्छी थी कि गिरने के झटके के कारण वह घायल अवस्था में ही सड़क की दूसरी साइड पर जा गिरा। वहीं, उसकी मोटरसाइकिल ट्रैक्टर के टायरों के बीच फंस गई, जिसे ट्रैक्टर चालक काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और समाज सेवियों ने एम्बुलेंस को सूचित किया। घायल युवक को तुरंत फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, युवक की पीठ और टांगों में गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Source link

