पंजाब में NEET री-एग्जाम के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम: डीसी होंगे नोडल अफसर, कस्टोडियन बैंक से सेंटर तक CAPF का पहरा, सोशल मीडिया पर रहेगी नजर – Ludhiana News
पंजाब में नीट री-एग्जाम के लिए प्रशासनिक स्तर पर फुलप्रूफ तैयारियां की जा रही हैं। परीक्षा संचालन के लिए हर जिले में डिप्टी कमिश्नर को नोडल अफसर बनाया गया है। कस्टोडियन बैंक से सेंटर तक प्रश्नपत्र ले जाने व उन पर नजर रखने की जिम्मेदारी पंजाब पुलिस के
.
राज्य सरकार ने सभी जिला अधिकारियों को सख्त हिदायतें दी हैं कि 19 जून को तैयारियों की समीक्षा के लिए सभी डिपार्टमेंट्स के साथ बैठक करें। परीक्षा में केंद्र सरकार की सभी गाइडलाइन को फोलो किया जाए ताकि स्टूडेंट्स फ्री माइंड अपना एग्जाम दे सकें।
एग्जाम से एक दिन पहले और एग्जाम के दिन यानि 20 व 21 जून को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विशेष नजर रखी जाए। डिप्टी कमिश्नर्स को स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत एक्शन लिया जाए।
डिप्टी कमिश्नर (DC) हिमांशु जैन ने बताया कि परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए इस बार विशेष रणनीति बनाई गई है। हर परीक्षा केंद्र के लिए सीएपीएफ (CAPF) के दो सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे। ये जवान सबसे पहले कस्टोडियन बैंक पहुंचेंगे और वहां से परीक्षा सामग्री वाले वाहनों को सुरक्षा घेरा (एस्कॉर्ट) देकर सीधे सेंटर्स तक पहुंचाएंगे।
हिमांशु जैन, डीसी लुधियाना
इन 5 बड़े पॉइंट्स में समझें प्रशासनिक तैयारी:
- परीक्षा केंद्र: प्रदेशभर में नीट री एग्जाम के लिए 16 जिलों में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक पिछली बार भी इतने ही परीक्षा केंद्र थे। पंजाब के कुछ जिलों में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं तो स्टूडेंट्स को उनकी च्वाइस के हिसाब से परीक्षा केंद्र एलॉट किए गए हैं।
- नो-पावर कट: डिप्टी कमिश्नर लुधियाना हिमांशु जैन का कहना है कि परीक्षा के दौरान बिजली की सप्लाई बाधित न हो इसके लिए पीएसपीसीएल को पहले ही सख्त हिदायतें जारी कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान पीएसपीसीएल नो पावर कट सुनिश्चित करेगा।
- मेडिकल टीमें तैनात: परीक्षा केंद्रों के बाहर फर्स्ट-एड किट और जरूरी दवाओं के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीमें मुस्तैद रहेंगी। लुधियाना जिले में 15 परीक्षा केंद्रों के लिए मेडिकल टीम गठित कर दी गई हैं।
- फायर ब्रिगेड अलर्ट: डीसी ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया गया है ताकि किसी भी अनहोनी घटना में तुरंत बचाव कार्य किए जा सकें।
- पुलिस कमिश्नर को जिम्मा: कस्टोडियन बैंक से प्रश्नपत्र व आंसरसीट परीक्षा केंद्रों तक ले जाने के लिए पुलिस को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रश्नपत्र व आंसरसीट ले जाने वाले व्हीकल को एस्कॉट करके ले जाया जाएगा। डीसी ने बताया कि लुधयाना जिले में शहरी क्षेत्र में पुलिस कमिश्नर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा की जिम्मेदारी एसएसपी की रहेगी।
NEET-UG परीक्षा NTA व केंद्र सरकार की तरफ से जारी एसओपी…
1. सुरक्षा और गोपनीयता
CAPF और स्थानीय पुलिस का पहरा: कस्टोडियन बैंक (जहां पेपर रखे जाते हैं) से लेकर परीक्षा केंद्रों तक गोपनीय परीक्षा सामग्री को लाने-ले जाने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के सशस्त्र जवान और स्थानीय पुलिस तैनात रहेगी। परीक्षा सामग्री को विशेष वाहनों में पूरी सुरक्षा के साथ सीधे परीक्षा केंद्रों तक एस्कॉर्ट किया जाएगा।
सीसीटीवी और जैमर्स: परीक्षा के दौरान पेपर लीक या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के इस्तेमाल को रोकने के लिए सभी केंद्रों पर लाइव सीसीटीवी सर्विलांस और हाई-पावर जैमर्स लगाए जाएंगे।
2. परीक्षा केंद्र पर एंट्री और चेकिंग
बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन: डमी कैंडिडेट की पहचान के लिए एंट्री गेट पर और परीक्षा हॉल के अंदर उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशनअनिवार्य है।
कड़ी तलाशी : उम्मीदवारों की मेटल डिटेक्टर के जरिए सघन तलाशी ली जाती है। स्टूडेंट्स अपने साथ एडमिट कार्ड, एक आईडी कार्ड, पारदर्शी पानी की बोतल, एक साधारण पारदर्शी बॉलपॉइंट पेन ले जाने की अनुमति रहेगी।
3. सख्त ड्रेस कोड
कपड़े: हल्के कपड़े, हाफ स्लीव शर्ट पहन सकेंगे। फुल स्लीव शर्ट नहीं पहन सकेंगे। कपड़ों में बड़े बटन, हुड या जेबें नहीं होनी चाहिए।
जूते-चप्पल: केवल कम हील वाले सैंडल या चप्पल पहनने की अनुमति होती है। मोटे सोल वाले जूते पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
गहने और धातु की वस्तुएं: किसी भी प्रकार के आभूषण या धातु की वस्तुएं पहनकर आने की सख्त मनाही है।
4. प्रतिबंधित वस्तुएं
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स: मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, स्मार्ट वॉच, हेल्थ बैंड, कैलकुलेटर आदि।
स्टेशनरी: कोई भी लिखित सामग्री, कागज के टुकड़े, ज्योमेट्री/पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, लॉग टेबल, स्कैनर या इलेक्ट्रॉनिक पेन।
अन्य वस्तुएं: वॉलेट, गॉगल्स, हैंडबैग, बेल्ट, कैप या कोई भी खाने-पीने की सामग्री (डायबिटिक मरीजों के लिए विशेष छूट के साथ)।

