अबोहर में नशा तस्करों पर पुलिस की रेड: 50 ग्राम हेरोइन सहित 4 अरेस्ट; ड्रग मनी और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद – Abohar News
अबोहर की थाना नंबर-1 पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 ग्राम हेरोइन के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से ड्रग मनी और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करेगी। थाना नंबर-1 के प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब 5 बजे हैडकांस्टेबल हर्ष कुमार अपनी टीम के साथ पंजपीर नगर से सीडफार्म जाने वाले रास्ते पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि पंजपीर नगर में एक गुप्त स्थान पर कुछ युवक हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस ने 4 युवकों को 50 ग्राम हेरोइन, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और ड्रग मनी के साथ रंगे हाथों पकड़ा। कई इलाकों में करते थे नशा सप्लाई गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सीडफार्म निवासी सुखदेव उर्फ सुखी पुत्र हरबंस सिंह, मंगत सिंह पुत्र गुरदेव सिंह, इंदिरा नगरी निवासी अर्जन पुत्र सवेश और अनमोल पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि सुखदेव और मंगत सिंह मौके पर हेरोइन तौलकर बेच रहे थे, जबकि अर्जन और अनमोल उनसे हेरोइन खरीदने के लिए पहुंचे थे। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
Source link

