केएस मक्खन के नाम पर बने फर्जी सोशल मीडिया पेज: : बोले- ‘विवादों से मेरा कोई वास्ता नहीं, कार्रवाई करूंगा’; गांव में करवा रहे ‘सतलुज’ फिल्म की फ्री स्क्रीनिंग – Ludhiana News
मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता केएस मक्खन ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से चल रहे फर्जी पेजों को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए साफ किया है कि कुछ लोग उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने अपने पैतृक गांव शंकर में फिल्म ‘सतलुज’की विशेष स्क्रीनिंग का भी ऐलान किया है। मक्खन ने अपने फैंस से अपील की है कि वे सच और झूठ के बीच का फर्क समझें। मेरा सिर्फ एक ऑफिशियल पेज, बाकी सब जाली केएस मक्खन ने अपने वीडियो (43 सेकंड वाले) में जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि फेसबुक पर उनके नाम से कई फर्जी पेज बनाए गए हैं। उन्होंने कहा, “मेरा असली पेज ‘KS Makhan Official है, जिस पर ‘ब्लू टिक’ लगा हुआ है यानी वह पूरी तरह वेरिफाइड है। मेरे नाम पर दो-चार पेज और भी किसी ने बनाए हुए हैं, जो कि जाली हैं। मैं उन फर्जी पेजों के खिलाफ जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई करूंगा।” “फर्जी पेजों के विवादों की मेरी कोई जिम्मेदारी नहीं गायक ने आगे चिंता जताते हुए कहा कि अगर उन फर्जी पेजों पर कोई व्यक्ति किसी से लड़ाई-झगड़ा करता है, गाली-गलौज करता है या कोई कंट्रोवर्सी (विवाद) पैदा होती है, तो उससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने फैंस को सचेत करते हुए कहा कि वे सिर्फ उनके आधिकारिक ब्लू टिक वाले पेज पर ही भरोसा करें। गांव में होगी ‘सतलुज’ फिल्म की स्क्रीनिंग, सिनेमाघरों में नहीं मिली थी जगह इसी बीच, एक अन्य वीडियो संदेश में केएस मक्खन ने पंजाब के युवाओं और अपने गांव वालों के लिए एक अहम घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को शाम 8 बजे उनके गांव शंकर के ‘पत्ती तक्खर’ इलाके में फिल्म ‘सतलुज’ दिखाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस फिल्म को सिनेमाघरों (सिनेमा हॉल) में लगने नहीं दिया गया था, जिसके चलते अब पंजाब के लोग इसे अपने-अपने गांवों, गुरुद्वारा साहिबानों और खुली जगहों पर स्क्रीन लगाकर दिखा रहे हैं। उन्होंने गांव और नगर निवासियों से हुजूम बनाकर (बड़ी संख्या में) इस फिल्म को देखने पहुंचने की अपील की है। यह राजनीति नहीं, सच्चाई के कत्ल की कहानी है केएस मक्खन ने फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर दलजीत और पूरी टीम का धन्यवाद करते हुए कहा, इस फिल्म का विषय बहुत शानदार चुना गया है। इसमें कोई राजनीति वाली बात नहीं है, बल्कि यह दिखाती है कि कैसे सच्चाई की आवाज को दबाया गया और सच का कत्ल किया गया।” उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब के नौजवानों को सचेत (जागरूक) होने के लिए यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए और इस मुहिम को पूरा सपोर्ट करना चाहिए।
अपने दोनों ही संदेशों का अंत केएस मक्खन ने जोशीले अंदाज में ‘पंजाब जिंदाबाद’ का नारा लगाकर किया।
Source link

