सीचेवाल के हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ लगी, सीएम बोले- अब फोकस स्कूल और अस्पताल बनाने पर – Jalandhar News

सीचेवाल के हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ लगी, सीएम बोले- अब फोकस स्कूल और अस्पताल बनाने पर – Jalandhar News




भास्कर न्यूज | जालंधर संत बाबा अवतार सिंह जी की 38वीं सालाना बरसी संबंधी आयोजित समागम के दौरान गांव सीचेवाल में सीएम भगवंत सिंह मान पहुंचे और माथा टेका। सीएम ने राज्यसभा सदस्य संत बलवीर सिंह सीचेवाल के साथ संत अवतार सिंह मेमोरियल स्टेडियम में एक नए एस्ट्रोटर्फ का उद्घाटन किया। उद्घाटन कर सीएम ने कहा कि मैं संत जी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए की जा रही निस्वार्थ सेवा को तहे दिल से नमन करता हूं। 38 साल पहले, यह जगह रेत के टीबों से ढकी हुई थी जहां मूंगफली और छोटी फसलें उगती थी। बाबा जी के प्रयासों से, यह जगह अब हरे-भरे पर्यावरण में बदल गई है। यहां हजारों पेड़ और सैकड़ों किस्मों के पौधे लगाए गए हैं। लोगों को एकजुट रहने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां धर्म के नाम पर लोगों में फूट डालने की कोशिश कर रही हैं। उनकी राजनीति समुदायों में विभाजन पैदा करने और फिर वोटों के लिए दोनों पक्षों को डराने पर केंद्रित है। लोगों को ऐसी राजनीति से सतर्क रहना चाहिए। ये लोग जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटकर नफरत फैलाते हैं। गुरबाणी की तुक “पवणु गुरू पानी पिता माता धरति महतु” का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, “महान गुरुओं ने हवा को गुरु, पानी को पिता और धरती को माता का दर्जा दिया था। गुरु साहिब ने आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति का सम्मान करने की शिक्षा दी थी, लेकिन बदकिस्मती से मनुष्य प्रकृति को सुरक्षित रखने में असफल रहा है। अब समय आ गया है कि गुरबाणी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाया जाए और पर्यावरण बचाने का संकल्प लेकर पंजाब की शान को बहाल किया जाए।” संत बाबा अवतार सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि संत बाबा जी ने सिख धर्म के प्रचार के लिए बेमिसाल सेवाएं दी और हमारे महान गुरुओं द्वारा न सिर्फ पंजाब बल्कि देश और विश्व भर में प्यार, दया और भाईचारे का संदेश फैलाया। बाबा जी एक महान आत्मा थे, जिन्होंने लोगों को आध्यात्मिकता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करके मानवता को दुख और पीड़ा से मुक्त किया। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्हें हमेशा उनकी नम्रता और दयालुता के लिए याद किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *