लुधियाना-निर्माणाधीन मकान में 10 दिन में चौथी बार चोरी: बिजली की तारें-एसी पाइप उड़ाए; मालिक बोला-शिकायत के बावजूद नहीं पहुंची पुलिस – Mullanpur Dakha News
लुधियाना जिले के मुल्लांपुर दाखा क्षेत्र में चोरों ने एक निर्माणाधीन मकान को 10 दिनों के भीतर चौथी बार निशाना बनाकर बिजली की तारें और एसी की पाइपें चुरा लीं। मालिक संजीत कुमार ने बताया कि मकान अभी निर्माणाधीन है। पिछले 10 दिनों में चोर चार अलग-अलग मौकों पर मकान में घुसे और वहां से बिजली की तारें व एसी की पाइपें उखाड़कर ले गए। संजीत कुमार के अनुसार, चोरी की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति मकान में प्रवेश करते और सामान चोरी करते हुए स्पष्ट दिख रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि घटना की शिकायत पुलिस को दिए हुए लगभग 10 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई भी पुलिसकर्मी मौके का मुआयना करने नहीं पहुंचा है। मकान मालिक ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई में हो रही देरी से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी हुए सामान को बरामद करने की मांग की है। चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण इलाके में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरों पर लगाम कसने की अपील की है। इस संबंध में, पुलिस ने बताया है कि वे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रहे हैं।
Source link

