लुधियाना में ओटीपी ने लापता 4 लडकियों को बचाया: 24 घंटे में खन्ना पुलिस ने किया बरामद; 3 नाबालिग बहनों समेत चारों एक साथ गायब – Khanna News
खन्ना पुलिस ने आधुनिक तकनीक का बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने महज 24 घंटे में लापता चार लड़कियों को अंबाला से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में एक ओटीपी ने लड़कियों तक पहुंचाया।
डीएसपी पायल हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि मलौद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और सुनियोजित रणनीति के कारण ही इस संवेदनशील मामले को इतनी जल्दी सुलझाया जा सका। पुलिस की इस तत्परता और सूझबूझ की बदौलत एक बड़ा अनर्थ होने से बच गया, जिसके लिए पीड़ित परिवारों और स्थानीय लोगों ने खन्ना पुलिस का आभार जताया है। एक साथ निकली थीं चारों, परिजनों ने परिचित पर जताया था शक डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि बीती 2 जून 2026 को गांव सियाड़ की रहने वाली चार लड़कियां (जिनमें तीन सगी नाबालिग बहनें शामिल थीं) दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक परिजनों को बिना कुछ बताए घर से कहीं चली गईं। काफी खोजबीन के बाद जब वे नहीं मिलीं, तो परिजनों ने उसी रात करीब 8:30 बजे पुलिस को उनके लापता होने की सूचना दी। परिवार वालों ने शक जताया था कि लड़कियां सतनाम नाम के एक परिचित व्यक्ति के साथ गई हो सकती हैं, जिसका उनके घर पर आना-जाना था। इसके बाद पुलिस ने उसका फोन ट्रेस करना शुरू कर दिया। सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खन्ना पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। एसएसपी के दिशा-निर्देशों पर गठित विशेष टीमें गठित की गईं। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया। इसमें पुलिस को संदिग्ध सतनाम तो ट्रेस हो गया लेकिन लड़कियों का नंबर ट्रेस नहीं हुआ। ऐसे लड़कियों तक पहुंची पुलिस- एक ओटीपी ने पहुंचाया सीसीटीवी से मिला पहला लिंक :एसएसपी द्वारा गठित टीमों ने घर और उनके रास्ते में पड़ने वाले सीसीटीवी खंगालना शुरु किया। 3 जून को पुलिस ने गांव सियाड़ के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें साफ हुआ कि चारों लड़कियां एक थ्री-व्हीलर (ऑटो) में सवार होकर गांव से बाहर निकली थीं। संदिग्ध आरोपी से तक पहुंची पुलिस: पुलिस ने तकनीकी जांच की मदद से संदेही सतनाम की लोकेशन फिरोजपुर में ट्रेस की और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने एक मोबाइल नंबर दिया, जो उन लापता लड़कियों में से एक के पास था। हालांकि, वह नंबर उस वक्त बंद आ रहा था। ओटीपी (OTP) ने खोला रास्ता: पुलिस अपनी जांच में जुटी ही थी कि इसी बीच लड़कियों में से एक ने किसी अजनबी के फोन से सतनाम के नंबर पर संपर्क किया। दरअसल, लड़कियां एक नया सिम कार्ड एक्टिवेट कराने के लिए ओटीपी हासिल करने की कोशिश कर रही थीं। अंबाला में दी दबिश, 24 घंटे में हुआ सुखद अंत खन्ना पुलिस की साइबर और तकनीकी टीम ने बिना वक्त गंवाए उस नए मोबाइल नंबर की लोकेशन को ट्रैक किया, जो हरियाणा के अंबाला की आ रही थी। सटीक लोकेशन मिलते ही एसएचओ मलौद तुरंत अपनी पुलिस टीम के साथ अंबाला के लिए रवाना हुए। पुलिस ने वहां छापेमारी कर चारों लड़कियों को सकुशल और पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिया।
Source link

