दीवार के विवाद को लेकर पड़ोसियों में खूनी संघर्ष; VIDEO: तेजधार हथियारों और ईंट-पत्थरों से हमला, CCTV आई सामने, गुरदासपुर के मोहल्ला नबीपुर का मामला – Pathankot News
गुरदासपुर के मोहल्ला नबीपुर में दीवार के निर्माण और पुराने विवाद को लेकर दो पड़ोसियों के बीच खूनी झड़प होने का मामला सामने आया है। एक पक्ष ने बाहर से आए युवकों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार के घर में घुसकर तेजधार हथियारों, तलवारों और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो सगे भाई घायल हो गए हैं। हमले की यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर किया हमला
पीड़ित हरपाल सिंह ने बताया कि वह अपने घर की पिछली तरफ दो कमरों के निर्माण के लिए लेबर लेकर आया था। इसी दौरान पड़ोसी उनके साथ गाली-गलौज करने लगे और काम रुकवा दिया। हरपाल के मुताबिक, पड़ोसियों ने साज़िश के तहत अपने चाचा-ताया के लड़कों और बाहर से करीब 6-7 अज्ञात युवकों को हथियारों के साथ बुलाया। हमलावरों ने घर के आगे और पीछे, दोनों रास्तों से घेरकर अचानक हमला कर दिया।
माता-पिता की मौत के बाद ले रहे बदला
पीड़ित हरपाल ने भावुक होते हुए बताया कि हमारे माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। जब वे जीवित थे, तब भी ये दीवार को लेकर विवाद करते थे। अब हमारे माता-पिता की मौत के बाद ये हमें अकेला समझकर हमसे बदला ले रहे हैं। जिस दीवार को लेकर विवाद है, वह साल 2016 से बनी हुई है।
भारी नुकसान और सिर में लगी तलवार
दूसरे घायल मनी सिंह ने बताया कि हमलावरों ने उनके सिर पर तलवार से वार किया, जिससे उन्हें गहरे घाव आए हैं और सिर में टांके लगे हैं। हमलावरों ने घर के सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की और घर में रखा लोहे का सामान भी लूटकर ले गए।
2 लोग हुए घायल, पुलिस कर रही जांच
इस मामले को लेकर जब थाना सदर के एसएचओ अमनदीप सिंह से बात की गई, तो उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह मामला नबीपुर कॉलोनी का है, जहां दोनों पड़ोसी परिवारों के बीच पुरानी कंस्ट्रक्शन और साझी दीवार को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष दीवार पर अपना-अपना हक जता रहे थे, जिसके कारण यह झगड़ा हुआ।
अस्पताल से हमें दो लोगों की एमएलआर (मेडिकल लीगल रिपोर्ट) प्राप्त हुई है, जिनमें दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। हमलावर पड़ोसियों और उनके रिश्तेदारों की पहचान कर ली गई है। कानून के मुताबिक सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज में देखिए पूरी वारदात
Source link

