हेमकुंड यात्रा पर निकले लुधियाना के युवक की मौत: खन्ना के पास रेलिंग से टकराई बाइक; अधूरा रहा घर बनाने का सपना – Khanna News
लुधियाना के एक 23 वर्षीय युवक की श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा के दौरान खन्ना में सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक अपने 30 साथियों के साथ बाइक पर हेमकुंड साहिब जा रहा था। यह घटना लुधियाना से लगभग 25 किलोमीटर दूर जीटी रोड पर मंजी साहिब के पास हुई। मृतक की पहचान लुधियाना के प्रताप सिंह रोड, हैबोवाल निवासी 23 वर्षीय जितेंदर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लुधियाना से करीब 30 युवक बाइकों पर श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिए रवाना हुए थे। गड्ढे के कारण बाइक हुई अनियंत्रित बताया जा रहा है कि खन्ना के मंजी साहिब के पास जीटी रोड पर सड़क में गड्ढे के कारण जितेंदर सिंह की बाइक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने के बाद बाइक सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंदर की गर्दन पर गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इलेक्ट्रीशियन का काम करता था युवक जितेंदर सिंह पेशे से इलेक्ट्रीशियन था और एक साधारण परिवार से संबंध रखता था। उसका परिवार कई वर्षों से किराए के मकान में रह रहा था। जितेंदर कम उम्र से ही परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां संभाल रहा था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसने पिछले कुछ वर्षों में पैसे जोड़कर अपने माता-पिता के लिए एक छोटा घर बनाने का सपना देखा था। परिवार के अनुसार, नए घर का निर्माण कार्य अभी जारी था। जितेंदर का यह सपना उसके निधन के साथ अधूरा रह गया। मामले की जांच कर रही पुलिस पुलिस चौकी कोर्ट के प्रभारी कर्मजीत सिंह ने बताया कि मामले में परिजनों के बयानों के आधार पर धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Source link

