पठानकोट में दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी: महिला और बच्चे के साथ आया आरोपी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात – Pathankot News
पठानकोट के मलिकपुर चौक स्थित सूर्या वर्कशॉप और एसकेआर हॉस्पिटल के पास दिनदहाड़े एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई। यह घटना शाम करीब 4:30 बजे हुई, जिसकी पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वर्कशॉप संचालक हैप्पी ने बताया कि उनकी वर्कशॉप में काम करने वाले संजू निवासी कीड़िया ने अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल (नंबर PB35AA3191) वर्कशॉप के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति, जिसके साथ एक महिला और एक छोटा बच्चा भी था, वहां पहुंचा। आरोपी ने आस पास का जायजा लिया आरोपी ने पहले आसपास का जायजा लिया और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित पक्ष ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी मोटरसाइकिल ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वर्कशॉप संचालक हैप्पी ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ समय पहले रात के समय दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया था, जिनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अभी भी जारी है। पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद की जाए। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने की भी अपील की है।
Source link

