लुधियाना में शिक्षा के नाम पर ठगी: निजी स्कूल का CBSE बोर्ड से झूठी मान्यता का दावा, पेरेंट्स को फंसाया; डायरेक्टर दंपती पर केस – Ludhiana News
लुधियाना के एक निजी स्कूल प्रबंधन पर सीबीएसई बोर्ड से फर्जी मान्यता का दावा कर अभिभावकों को कथित तौर पर ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस को शिकायत मिली तो मामले की जांच की गई। डाबा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बुधवार को स्कूल के डायरेक्टर दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले की शिकायत 1 जून 2026 को गुरबख्श सिंह निवासी गली नंबर-1, महाराज नगर ने की है। उसने आरोप लगाया कि ग्लोबल स्पार्क्स कॉन्वेंट इंटरनेशनल स्कूल, एमजेके नगर, बापू मार्केट, लोहारा के संचालकों ने सीबीएसई बोर्ड, नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त होने का झूठा दावा किया। फर्जी तरीके से एडमिशन देकर लोगों को फंसाते हैं शिकायत में कहा गया है कि स्कूल प्रबंधन ने कथित तौर पर फर्जी तरीके से एडमिशन देकर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाया और उनसे धोखाधड़ी की। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया के माध्यम से भी स्कूल की मान्यता को लेकर भ्रामक प्रचार-प्रसार किए जाने के आरोप लगाए गए हैं, जिससे अभिभावकों की भावनाएं भी आहत हुईं। पुलिस ने स्कूल से जुड़े दो लोगों को नामजद किया मामले की प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने स्कूल से जुड़े दो लोगों को नामजद किया है। आरोपियों की पहचान सुरिंदर सिंगला और उनकी पत्नी अनीता सिंगला निवासी मकान नंबर-231-ए, कैनाल व्यू एन्क्लेव, गांव बुलारा, थाना सदर, लुधियाना के रूप में हुई है। थाना डाबा की पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि स्कूल के पास वास्तव में सीबीएसई की मान्यता थी या नहीं और कथित फर्जी दाखिलों के जरिए कितने अभिभावकों से धोखाधड़ी की गई। मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों की पड़ताल जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link

