लुधियाना में भीड़ ने लुटेरे की पीट-पीटकर की हत्या: खंभे से बांधकर डंडों से पीटा; स्नैचिंग के बाद भागने की कोशिश में बाइक से गिरा – Ludhiana News
लुधियाना के साहनेवाल में कथित लूट की कोशिश करने वाले युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना बुधवार शाम साहनेवाल थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया-सी स्थित गुरु कृपा कॉलोनी में कथित लूट की कोशिश के दौरान एक संदिग्ध स्नैचर की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, करीब 30 वर्षीय युवक अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर आया था। आरोप है कि दोनों ने 2 साइकिल सवारों को रोककर लूटपाट का प्रयास किया और पीछे बैठे युवक ने एक साइकिल सवार पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसी दौरान दूसरे साइकिल सवार ने हस्तक्षेप किया और दोनों ने पत्थर फेंककर विरोध किया। संघर्ष के दौरान एक कथित स्नैचर मोटरसाइकिल से नीचे गिर गया, जबकि उसका साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। नीचे गिरने के बाद लोगों और साइकिल सवारों ने युवक को पकड़ खंभे से बांधकर ईंटों और डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो चुके थे। न्यू शक्ति नगर में चादर में लिपटी मिली लाश गुरुवार सुबह थाना टिब्बा के न्यू शक्ति नगर में लोगों ने गली में चादर में लिपटा एक शव पड़ा देखा। चादर से खून बहता देख लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को गली में लाकर फेंका गया है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। थाना टिब्बा के एसएचओ गगनदीप सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। हत्या का केस दर्ज, पहचान अब भी नहीं साहनेवाल पुलिस ने फैक्ट्री कर्मचारी दीपक कुमार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।जांच अधिकारी एएसआई करमजीत सिंह ने बताया कि मृतक के पास न तो मोबाइल फोन मिला और न ही कोई पहचान पत्र। शव को 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
Source link

