फिरोजपुर में पाकिस्तानी ड्रोन बरामद: ममदोट की बीओपी जल्लोके के पास सड़क की निशानदेही करते समय दिखा – Fazilka News

फिरोजपुर में पाकिस्तानी ड्रोन बरामद:  ममदोट की बीओपी जल्लोके के पास सड़क की निशानदेही करते समय दिखा – Fazilka News




भारत-पाकिस्तान सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में फिरोजपुर के भारत-पाकिस्तान सरहदी इलाके से ड्रोन बरामदगी का एक नया मामला सामने आया है। ब्लाक ममदोट से सटे बॉर्डर पर गांव के लोग जब सड़क चौड़ी करने के लिए जमीन की निशानदेही कर रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे खेत में गिरे एक पाकिस्तानी ड्रोन पर पड़ी। अंतरराष्ट्रीय तारबंदी से 600 मीटर दूर ‘हजारा सिंह वाला’ में मिला ड्रोन प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बरामदगी भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी कटीली तारबंदी से करीब 600 मीटर दूर भारतीय क्षेत्र में हुई है। यह इलाका गांव हजारा सिंह वाला का है, जो कि सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 158वीं बटालियन की चेक पोस्ट ‘जल्लोके’ के अंतर्गत आता है। निशानदेही के दौरान सरपंच और ग्रामीणों ने देखा ड्रोन घटना के समय गांव के मौजूदा सरपंच गुरनाम सिंह और पूर्व सरपंच रेशम सिंह सहित अन्य ग्रामीण सड़क को चौड़ा करने के लिए जमीन पर निशान लगा रहे थे। इसी दौरान सड़क के किनारे एक खेत में संदिग्ध ड्रोन पड़ा दिखाई दिया। सरपंच और ग्रामीणों ने बिना देरी किए इसकी सूचना तुरंत सीमा सुरक्षा बल (BSF) और स्थानीय पुलिस को दी। BSF ने इलाका सील कर डॉग स्क्वॉड के साथ चलाया सर्च ऑपरेशन सूचना मिलते ही BSF के उच्च अधिकारी और जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। सुरक्षा बलों ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को सील कर दिया और आसपास के खेतों में सघन चेकिंग अभियान (सर्च ऑपरेशन) शुरू कर दिया। इस तलाशी अभियान में डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रोन के जरिए सीमा पार से कोई हेरोइन या हथियारों की खेप तो नहीं गिराई गई है। फिलहाल, सुरक्षा बलों ने पाकिस्तानी ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच व तकनीकी विश्लेषण के लिए भेज दिया गया है ताकि इसकी उड़ान के डेटा और समय का पता लगाया जा सके। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *