लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर बस की टक्कर से पलटी कार: कार चालक के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, नशे में होने का आरोप – Jagraon News
लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जहां एक निजी बस और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने फुटपाथ पर जाकर पलट गई। इस दुर्घटना में कार चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। हादसे के फौरन बाद सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कार के भीतर फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय बस स्टैंड चौकी की पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है। अचानक ब्रेक लगाने से अनियंत्रित हुई बस एसएसएफ के अधिकारी गुरमीत सिंह ने दुर्घटना के कारणों की प्राथमिक जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना हाईवे पर स्थित मलाई मक्कन फैक्ट्री के नजदीक और सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल से कुछ दूरी पीछे घटित हुई। जुझार कंपनी की बस लुधियाना से सवारियां लेकर जगराओं की तरफ आ रही थी। इसी दौरान आगे चल रही कार के चालक ने अचानक बस के सामने आकर कड़क ब्रेक लगा दी। दूरी कम होने के कारण बस चालक नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे कार से जा टकराई, जिससे कार पलट गई। हालांकि, कार चालक ने बस ड्राइवर पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप मढ़ा है। बस स्टैंड चौकी इंचार्ज आत्मा सिंह बस चालक बलविंदर सिंह यात्रियों को लेकर लुधियाना से आ रहा था, जबकि कार चालक की पहचान जसवीर सिंह के रूप में हुई है जो जगराओं की ओर जा रहा था। पुलिस ने जसवीर को गाड़ी से बाहर निकालकर पूछताछ शुरू कर दी है। कार चालक के शराब पीने की आशंका, पुलिस कर रही तफ्तीश हादसे में एक नया मोड़ तब आया जब प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि कार चालक जसवीर सिंह ने शराब का सेवन किया हुआ था, जिसके चलते उसने अचानक हाईवे के बीचों-बीच ब्रेक लगा दी। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की अभी तक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट व पूरी जांच आने के बाद ही दुर्घटना के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Source link

