पठानकोट में अवैध कब्जों पर एसएसपी सख्त: व्यापारियों से बैठक कर दिए निर्देश; शहर की समस्याओं को लेकर किया मंथन – Pathankot News
जिला पठानकोट के एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने आज विभिन्न व्यापारिक संगठनों और व्यापारियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की। इस दौरान व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों तथा शहर के विकास एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि यह एक पब्लिक इंटरेक्शन कार्यक्रम था, जिसमें शहर के अलग-अलग व्यापारिक वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारिक क्षेत्र का अपना महत्व है और हर वर्ग अपनी अलग-अलग समस्याओं एवं सुझावों के साथ कार्य कर रहा है। इन्हीं सुझावों और समस्याओं को एक मंच पर लाकर सुनने तथा उनके समाधान पर विचार करने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि बैठक में पंजाब ट्रेड कमीशन के सदस्य, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी तथा स्टेट बॉडी के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। एसएसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य व्यापारी वर्ग के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा पुलिस और सिविल प्रशासन की ओर से उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाना है। बैठक में व्यापारियों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। एसएसपी ढिल्लों ने सभी व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों का बैठक में पहुंचने पर धन्यवाद किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के संवाद जारी रखने की बात कही। अतिक्रमण से व्यापार होता है प्रभावित इस अवसर पर एसएसपी ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी दुकानों के बाहर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें और न ही दुकानों के सामने रेहड़ियां लगने दें। उन्होंने कहा कि दुकानों के बाहर रेहड़ियां लगने से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में भी परेशानी होती है, जिससे व्यापार पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का साथ देने का आह्वान किया।
Source link

