मोगा में पेड़ से टकराई बेकाबू होंडा सिटी कार: चालक की मौत; पत्नी और रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती – Moga News
मोगा जिले के थाना धर्मकोट के अंतर्गत आते गांव बाजेके के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज़ रफ्तार होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में कार चला रहे 34 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कार में सवार उनकी पत्नी और एक रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गुरजंट सिंह (34) अपनी पत्नी स्वर्णजीत कौर और रिश्तेदार रवि के साथ होंडा सिटी कार में सवार होकर जा रहे थे। जब उनकी कार गांव बाजेके के समीप पहुंची, तो अचानक चालक संतुलन खो बैठा और कार सीधे सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने चालक को घोषित किया मृत दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद तीनों घायलों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए मोगा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद गुरजंट सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी स्वर्णजीत कौर और रिश्तेदार रवि का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने धारा 194 के तहत की कार्रवाई मामले की तफ्तीश कर रहे पुलिस अधिकारी कुलजीत सिंह सहोता ने बताया कि मृतक के बेटे हरपाल सिंह के बयानों के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस ने सिविल अस्पताल मोगा में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे वारिसों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Source link

