अमेरिका में एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट धामी का जोरदार स्वागत: धार्मिक व शैक्षणिक कार्यों के लिए स्थानीय सिख संगठनों और संगतों से मांगा सहयोग – Amritsar News
अमेरिका दौरे पर गए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी यानी एसजीपीसी के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का विभिन्न गुरुद्वारा साहिबानों के प्रबंधकों और संगतों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया गया। यह प्रतिनिधिमंडल एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के नेतृत्व में अमेरिका पहुंचा है। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कैलिफोर्निया के लैथरॉप स्थित दल बाबा बिधीचंद जी संप्रदा के पड़ाव, दमदमी टकसाल के प्रबंधन वाले गुरुद्वारा गुरमति प्रकाश मंटीका तथा फ्रेस्नो स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक प्रकाश सहित कई धार्मिक स्थलों पर माथा टेका और संगतों के साथ विचार साझा किए। इस अवसर पर स्थानीय प्रबंधकों ने एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुजीत सिंह विरक, मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नन, सदस्य भाई राजिंदर सिंह महिता, ओएसडी सतबीर सिंह और सचिव बलविंदर सिंह काहलवां को विशेष रूप से सम्मानित किया। फ्रेस्नो के गुरुद्वारा गुरु नानक प्रकाश में संगत को संबोधित करते हुए एडवोकेट धामी ने कहा कि विदेशों में बसे सिख समुदाय ने अपनी मेहनत, समर्पण और गुरु घर के प्रति अटूट श्रद्धा से पूरी दुनिया में सिख पहचान को मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि एसजीपीसी सिख धर्म के प्रचार-प्रसार, गुरमत सिद्धांतों के प्रसार और युवाओं को अपने विरसे से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। लैथरॉप में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एडवोकेट धामी ने बाबा अवतार सिंह सुरसिंह वालों की अगुवाई में दल बाबा बिधीचंद संप्रदा द्वारा निभाई जा रही सेवाओं की सराहना की। उन्होंने यूबा सिटी में स्थापित किए जा रहे प्रेस और धर्म प्रचार केंद्र के लिए स्थानीय सिख संगठनों और संगतों से सहयोग की अपील भी की। स्थानीय सिख नेताओं ने एसजीपीसी द्वारा धार्मिक, पंथक और शैक्षणिक क्षेत्रों में की जा रही सेवाओं की प्रशंसा करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
Source link

