फर्जी-नंबर प्लेट वाली कार से आए थे तस्कर,4 गिरफ्तार: होटल संचालक से 20.44 लाख कैश बरामद; बड़ी खेप का सौदा करने की तैयारी में थे – Udaipur News
उदयपुर पुलिस ने वल्लभनगर क्षेत्र स्थित एक होटल पर दबिश देकर 4 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अवैध हथियार, अफीम, फर्जी नंबर प्लेट लगी कार को जब्त किया है। पुलिस को होटल संचालक से 20 लाख 44 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की है। उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि पुलिस टीम ने उदयपुर-चित्तौड़गढ़ वाया मंगलवाड़ नेशनल हाइवे पर कीर की चौकी स्थित श्रीराम होटल पर दबिश देकर चार अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 213 में दबिश देकर बाड़मेर जिले के नागाणा थाना क्षेत्र के डउकियों की ढाणी भुरटिया निवासी मोहनलाल उर्फ मुन्ना पुत्र लाखाराम जाट के कब्जे से एक अवैध ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद की। उसके साथी बाड़मेर के शिव थाना के पाबूमाली मोखाब निवासी हुकमाराम पुत्र मगाराम सारण की तलाशी में 14 ग्राम अफीम और तीन जिंदा कारतूस मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी करीब चार क्विंटल डोडा चूरा की बड़ी खेप का सौदा कर उसे मारवाड़ क्षेत्र में पहुंचाने की तैयारी कर रहे थे। मामले में मास्टरमाइंड को नामजद करते हुए एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी वल्लभनगर राजेन्द्र सिंह जैन के नेतृत्व में थाना वल्लभनगर और थाना खेरोदा की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। पंजाब के 2 अंतर्राज्यीय तस्कर भी दबोचे पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 108 से जसविंदर सिंह और कुलदीप सिंह, दोनों निवासी पंजाब के संगरूर जिले के निवासी है। उनको 8 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि आरोपी जिस स्विफ्ट कार से आए थे, उस पर दो अलग-अलग नंबर प्लेटें लगी हुई थीं। उक्त वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पहचान छिपाने और धोखाधड़ी करने का प्रयास किया जा रहा था। एसपी अजंना सुखवाल ने बताया कि ने बताया कि आरोपियों ने स्थानीय तस्करों से डोडा चूरा खरीदने के लिए रकम ट्रांसफर की थी। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अलग प्रकरण दर्ज किया गया है। होटल संचालक के पास मिली नकदी एएसपी सुखवाल ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल संचालक खेरोदा क्षेत्र के बांसड़ा निवासी राजेश मेनारिया के कब्जे से 20 लाख 44 हजार रुपये नकद तथा कुछ भूमि संबंधी दस्तावेज और रजिस्ट्रियां बरामद की गई। पुलिस ने नकदी और दस्तावेजों को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दे दी है। बरामद राशि के स्रोत और संभावित अवैध लेन-देन की जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी एक बड़े अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब उनके संपर्कों, वित्तीय लेन-देन और संभावित सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। कार्रवाई में वल्लभनगर थाने से थानाधिकारी पुनाराम, सहायक उप निरीक्षक राकेश मीणा, हेड कांस्टेबल भंवरलाल, दुधाराम, कांस्टेबल राजेन्द्र, बाबूलाल और प्रमोद तथा थाना खेरोदा से थानाधिकारी सुरेश विश्नोई, हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह तथा सीओ कार्यालय से कांस्टेबल संजय और राकेश शामिल थे। सहयोग : रमेश डांगी, वल्लभनगर
Source link

