बरनाला में कबड्डी खिलाड़ी की संदिग्ध हालत में मौत: मैरीलैंड रिसॉर्ट के पास नहर से मिला शव; आर्थिक तंगी से रहते थे परेशान – Barnala News
पंजाब के बरनाला जिले में प्रसिद्ध कबड्डी खिलाड़ी प्रगट सिंह उर्फ बग्गड़ का शव धनौला-बरनाला रोड के पास एक नहर से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। वह गांव हरीगढ़ के निवासी थे। इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मामले का खुलासा तब हुआ जब मानां पिंडी-बरनाला रोड स्थित मैरीलैंड रिसॉर्ट के पास नहर किनारे एक मोटरसाइकिल काफी समय से खड़ी मिली। स्थानीय निवासी तलविंदर सिंह ने पहले इसे सामान्य समझा, लेकिन करीब ढाई घंटे बाद भी बाइक वहीं खड़ी देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। पानी में शव तैरता मिला तलविंदर सिंह ने नहर में झांककर देखा तो पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। उन्होंने तुरंत धनौला पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। 2 साल पहले बड़े भाई का हो चुका निधन गांव हरीगढ़ के निवासी सरूप शर्मा ने बताया कि प्रगट सिंह इलाके के जाने-माने कबड्डी खिलाड़ी थे, लेकिन उनका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। लगभग 2 साल पहले उनके बड़े भाई सुखविंदर सिंह का निधन हो गया था। भाई की मौत के बाद प्रगट सिंह पर अपने परिवार के साथ-साथ भाई के परिवार की जिम्मेदारी भी आ गई थी। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों परिवारों का खर्च उठाने के लिए वह लगातार संघर्ष कर रहे थे और इसी आर्थिक तंगी तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में भी थे। पत्नी और 2 मासूम बच्चों को छोड़ गया पीछे प्रगट सिंह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों ने अंतिम संस्कार में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। परिवार ने नहीं करवाई कानूनी कार्रवाई धनौला थाने के मुख्य मुंशी गुरविंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की थी। हालांकि मृतक के परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी या पुलिस कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया। परिवार की ओर से पुलिस को शपथ पत्र सौंपा गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
Source link

