फरीदकोट में AAP सरकार पर बरसे अकाली नेता: बंटी रोमाणा बोले- निकाय चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया – Faridkot News
फरीदकोट में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं हलका इंचार्ज परमबंस सिंह बंटी रोमाणा ने निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को बेहतर करार देते हुए पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखे हमले किए हैं। शनिवार को अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंटी रोमाणा ने आरोप लगाया कि निकाय चुनावों के दौरान सत्ताधारी पार्टी ने विरोधियों को चुनाव मैदान में उतरने से रोकने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया। फरीदकोट में अकाली उम्मीदवारों को पहले नामांकन पत्र दाखिल करने से रोका गया और बाद में उनके नामांकन रद्द करवाने की कोशिश की गई। चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी नेताओं के घरों पर दबिश दी गई और जिलाध्यक्ष सतीश ग्रोवर को गिरफ्तार कर जेल में बंद करवाया गया। इन परिस्थितियों के बावजूद शिरोमणि अकाली दल ने फरीदकोट के 25 वार्डों में से 7 पर जीत हासिल की है। सीटें कम रहने के बावजूद उनका वोट शेयर सबसे अधिक रहा है। बंटी रोमाणा बोले- निकाय चुनावों के नतीजे सरकार के हक में ही आते रहे हैं इस मौके पर अकाली नेता बंटी रोमाणा ने कहा कि निकाय चुनावों के नतीजे सरकार के हक में ही आते रहे हैं और इस बार कोई नई बात नहीं है। इतना जरूर है कि इस बार आम आदमी पार्टी ने पिछली सरकारों के मुकाबले कम सीटें प्राप्त की है। आप को पूरे पंजाब में 1000 से भी कम सीटें मिली है जबकि अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार के कार्यकाल के दौरान साल 2016 के निकाय चुनावों में गठबंधन ने 1420 सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन इसके बावजूद हम 2017 का विधानसभा चुनाव हार गए थे। इसी प्रकार कांग्रेस सरकार के समय साल 2021 के निकाय चुनावों में कांग्रेस ने 1432 सीटें जीती थीं, लेकिन बाद में 2022 के विधानसभा चुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ा। आम आदमी पार्टी से लोगों का मोहभंग हो चुका है-बंटी रोमाणा बंटी रोमाणा ने कहा कि असल मे पंजाब के लोगों का आम आदमी पार्टी से मोहभंग हो चुका है और यह सरकार हर फ्रंट पर फेल हो चुकी है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता ने आम आदमी पार्टी को सबक सिखाने का मन बनाया हुआ है।
Source link

