बठिंडा में AGTF का एक्शन: 2 हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार; देसी पिस्टल और कारतूस बरामद – Bathinda News

बठिंडा में AGTF का एक्शन:  2 हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार; देसी पिस्टल और कारतूस बरामद – Bathinda News




पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को बठिंडा में सफलता मिली है। टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो देसी .32 बोर पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी फिरोजपुर क्षेत्र में सक्रिय एक आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे हत्या के प्रयास समेत आर्म्स एक्ट के कई मामलों में शामिल रह चुके हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ चीमा निवासी गांव अकालिया कलां (बठिंडा) और अभिमान सिंह उर्फ अभि निवासी भगू वाली ढाणी, गांव खुंडेहालाल (श्री मुक्तसर साहिब) के रूप में हुई है। गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई सूत्रों के अनुसार, एजीटीएफ को इन आरोपियों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर बठिंडा में विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को काबू कर उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए। पंजाब पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई राज्य में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों के नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा हथियारों की सप्लाई कहां से की जा रही थी। इस संबंध में थाना सिविल लाइंस, बठिंडा में मामला दर्ज कर लिया गया है। नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने मीडिया को बताया कि बठिंडा की एजीटीएफ टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान कैंटोनमेंट बाइपास रिंग रोड की स्लिप रोड के पास झाड़ियों में बैठे दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए और छिपने का प्रयास करने लगे। शक के आधार पर जब टीम ने उन्हें काबू कर तलाशी ली तो उनके पास से दो अवैध देसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में यह भी सामने आया है कि कुलदीप सिंह उर्फ चीमा का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना सिविल लाइंस बठिंडा में मामला दर्ज कर लिया है। एजीटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपित किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे या फिर जेल में बंद गैंगस्टर के इशारे पर हथियारों की सप्लाई और नेटवर्क को मजबूत करने का काम कर रहे थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *