पटियाला में नगर कौंसिल चुनाव में बवाल: बूथ कैप्चरिंग के आरोप पर पथराव-लाठीचार्ज, छत पर खड़े युवक को करंट लगा – Patiala News
पटियाला जिले के समाना नगर कौंसिल चुनाव के दौरान मंगलवार को शहर के विभिन्न वार्डों में भारी बवाल हुआ। बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बाद गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन किया, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई स्थानों पर टकराव हुआ। इस दौरान पथराव और लाठीचार्ज भी हुआ, वहीं एक युवक को करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के अनुसार, समाना की कृष्णा बस्ती स्थित पोलिंग बूथ पर माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब लोगों ने बाहर से आए युवकों के पोलिंग स्टेशन में घुसने का विरोध किया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। तार की चपेट में आया युवक इसी हंगामे के दौरान एक युवक छत पर खड़ा था, जो ऊपर से गुजर रही बिजली की तार की चपेट में आ गया। उसे जोरदार करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक की पहचान कृष्णा बस्ती, समाना निवासी याकूब पुत्र चिट्ठी राम के रूप में हुई है। घायल याकूब को तुरंत समाना के अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि युवक की हालत बेहद गंभीर है और ऐसे मामलों में मरीजों को कम से कम 48 घंटे तक विशेष निगरानी में रखा जाता है। मौके पर पहुंचे एसपी हेडक्वार्टर वैभव चौधरी ने बताया कि वार्ड नंबर 19 में दो गुटों के झगड़े के बाद पुलिस पर पथराव किया गया था। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को शांत किया और अब हालात नियंत्रण में हैं।
Source link

