बठिंडा में नगर निगम चुनाव कल: 387 बूथों पर 1700 सुरक्षाकर्मी तैनात; 124 संवेदनशील बूथों पर पुलिस की विशेष नजर – Bathinda News
बठिंडा में 26 मई को होने वाले नगर निगम चुनावों के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इन चुनावों के लिए 1700 से अधिक सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जिनमें 500 पुलिसकर्मी बाहर से बुलाए गए हैं। जिले में कुल 387 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 124 बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 45 टीमें और गश्ती दल भी तैनात किए गए हैं। SSP बोलीं- सुरक्षा बलों को आज ब्रीफिंग दी जा रही एसएसपी ज्योति यादव बैंस ने बताया कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा बलों को आज ब्रीफिंग दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत चेकपॉइंट्स बनाए गए हैं और अंतर-राज्यीय चेकपॉइंट्स भी स्थापित किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं और सार्वजनिक स्थानों पर भी लगातार चेकिंग की जा रही है। कंट्रोल रूम को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी शिकायत की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जाए।
Source link

