संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स के मजदूरों ने छंटनी के विरोध में लगाया धरना – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर-कपूरथला रोड फिरोज स्थित संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधन पर 160 से अधिक मजदूरों को गैरकानूनी ढंग से काम से हटाने का आरोप लगाते हुए मजदूरों ने पेंडू मजदूर यूनियन पंजाब और अपने यूनियन नेताओं की अगुवाई में सड़क जाम कर नारेबाजी की। मौके पर सहायक श्रम आयुक्त जालंधर-2, श्रम निरीक्षक चंदन गिल और वेयरहाउस के जिला प्रबंधक पहुंचे तथा मजदूरों की बात सुनी। अधिकारियों ने कंपनी प्रबंधन और नोडल एजेंसी वेयरहाउस के अधिकारियों को सोमवार 1 जून को श्रम एवं सुलह अधिकारी के कार्यालय में पेश होने के लिए बाध्य किया। सहायक श्रम आयुक्त ने धरना कारियों को सोमवार तक ड्यूटी पर बहाल कराने, टूटे दिनों का मेहनताना और मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम समाप्त किया गया। यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन का भरोसा अमल में नहीं आया तो संघर्ष तेज किया जाएगा और सभी मजदूरों को 1 जून को सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय पहुंचने का आह्वान किया। यूनियन के अनुसार मेरी रसोई किट पैकिंग के लिए 22 अप्रैल से 160 से अधिक मजदूर रखे गए थे, जिनमें बड़ी संख्या महिलाएं हैं। पेंडू मजदूर यूनियन पंजाब के प्रांतीय प्रेस सचिव कश्मीर सिंह घुग्गशोर और यूथ विंग के प्रांतीय नेता गुरप्रीत सिंह चीदा ने आरोप लगाया कि कंपनी में हाजिरी रजिस्टर, ईपीएफ और ईएसआई जैसी व्यवस्थाओं का पालन नहीं हो रहा। मौके पर मजदूर दिलबाग सिंह, रिंकू, विक्की, जसवंत, किरण, ज्योति, गुरमेल राम सहित एसएचओ मकसूदां गुरप्रीत सिंह और चौकी इंचार्ज मंड थानेदार बलबीर सिंह मौजूद रहे।
Source link

